अटल जन सेवा शिविर में जनसुनवाई, हाथों हाथ हुआ समाधान*

प्रशासन

80 वर्षीय विधवा भाटी देवी को मिली राहत, रुकी पेंशन हुई शुरू

नागौर // आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार द्वारा जारी जनसुनवाई कार्यक्रम लोक राहत की दिशा में उपलब्धिमूलक सिद्ध हो रहे हैं औैर इनमें अपनी समस्याओं तथा शिकायतों का समाधान पाकर ग्रामीण सुकून का अहसास कर रहे हैं।
पंचायत समिति मूण्डवा के अन्तर्गत गांव ईनाणा की रहने वाली श्रीमती भाटी देवी भी उन्हीं ग्रामीणों में से एक हैं जिनके लिए जनसुनवाई ने राहत देकर उनकी ज्वलन्त समस्या का निवारण कर दिया है।
अस्सी पार वृद्धा विधवा श्रीमती भाटी देवी (आरजे-एस पेंशन योजना-पीपीओ क्रमांक – 08662195) के अंगूठे की स्पष्ट छाप नहीं आ पाने के कारण पेंशन सत्यापन नहीं हो पाया और इस कारण से जुलाई माह से पेंशन प्राप्त होनी बंद हो गई। गुरुवार को हुई जनसुनवाई में पहुंचकर श्रीमती भाटी देवी ने जिला कलक्टर श्री अरुण कुमार पुरोहित को इस बारे में जानकारी दी और पेंशन बहाल करने का आग्रह किया।
जिला कलक्टर श्री पुरोहित के निर्देश पर विकास अधिकारी ने संवेदनशीलता से इस पर संज्ञान लिया और तत्काल सामाजिक सुरक्षा पेंशन आईडी से सत्यापित ओटीपी से श्रीमती भाटी देवी निवासी ईनाणा की पेंशन सत्यापित की गई व माह अगस्त 2024 से अब तक की बकाया पेंशन हेतु पेंशन आईडी से निवेदन किया गया है। अब शीघ्र ही श्रीमती भाटी देवी के बकाया पेंशन 7500 रुपए सहित लाभ मिल जायेगा।
वयोवृद्ध श्रीमती भाटी देवी ने खुशी प्रकट करते हुए इसके लिए विकास अधिकारी तथा शासन-प्रशासन से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों का आभार जताया।