अभिभावक सम्मेलन : शैक्षिक गतिविधियों पर सार्थक चर्चा हुई

शिक्षा

शैक्षिक सहशैक्षिक गतिविधियों में टॉपर रहने वाले 85 प्रतिभाओं को किया सम्मानित

नागौर // शारदा बाल निकेतन उच्च प्राथमिक भाग में अभिभावक सम्मेलन का आयोजन उपभोक्ता न्यायालय के निर्णयाधिकारी दीनदयाल प्रजापत के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। श्रीमती संतोष भाटी विशिष्ट अतिथि के नाते मौजूद रही वहीं कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भारतीय जीवन बीमा निगम में प्रशासनिक अधिकारी तथा आदर्श शिक्षण संस्थान के सह व्यवस्थापक हेमंत जोशी रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद बोड़ा ने अतिथियों का परिचय एवं स्वागत करवाया तथा विद्यालय का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दीनदयाल प्रजापत ने शिक्षा के साथ संस्कार लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि श्रीमती संतोष भाटी ने छात्रों को व्यवहारिक ज्ञान के साथ समाज जीवन में आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया।

पाश्चात्य विचारों को अपने बच्चों में हावी न होने दें

अभिभावक सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता हेमंत जोशी ने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों में किसी भी प्रकार की पाश्चात्य विचारधारा को हावी नहीं होने दें शुद्ध रूप से भारतीय शिक्षा और भारतीय संस्कारों के साथ अपने बच्चों को प्रेरणा देते रहे बालकों की इच्छाओं को भी सीमित रखें बालकों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय के आचार्यों से बराबर संपर्क बनाए रखें ताकि बालक की हर गतिविधि पर ध्यान रखकर बच्चे का सर्वांगीण विकास कर सके। उन्होंने कहा कि बच्चों के लालन-पालन पर ध्यान देना अभिभावक का कर्तव्य होता है वैसे ही अभिभावक शिक्षा के प्रति भी जागरूक रहे शिक्षा के साथ बौद्धिक विकास और संस्कारों का भी विकास करें उन्होंने कहा कि समाज में आ रही नैतिक गिरावट भी शिक्षा का ही मूल कारण रहा है बच्चों को सही शिक्षा नहीं मिलने से समाज में नैतिक गिरावट आ रही है उन्होंने कहा कि जैसा आचरण अभिभावक करेंगे वैसा ही बच्चे उनका अनुसरण करेंगे बच्चे जैसा वातावरण देखेंगे वैसा ही करेंगे उन्होंने बच्चों के विकास हेतु शारीरिक एवं आहार शिक्षा, एवं बौद्धिक संस्कार, तथा नैतिक शिक्षा, आत्मविश्वास का विकास, सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा, स्वतंत्रता एवं स्वच्छता, आदि विषयों पर अभिभावकों का मार्गदर्शन किया। विद्यालय प्रबंध समिति के सह व्यवस्थापक रामप्रसाद कासनिया ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

85 विद्यार्थियों को किया सम्मानित

इस कार्यक्रम में अर्धवार्षिक परीक्षा में 90% से अधिक अंक लाने वाले भैयाओं एवं सर्वाधिक सेवा निधि समर्पित करने वाले 85 छात्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन आचार्य गोपाल जोशी ने किया।