आरएसएस के शताब्दी वर्ष पर विजयदशमी उत्सव और पथ संचलन होंगे

समाज

नागौर विभाग में 251 मंडलों में होंगे कार्यक्रम

नागौर // विश्व के सबसे बड़े स्वयंसेवी संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के आयोजन विजयदशमी 2 अक्टूबर से प्रारंभ होंगे। संपूर्ण देश में संघ के स्थापना दिवस व विजयादशमी उत्सव के साथ ही एक वर्ष तक चलने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखलाएं प्रारंभ होगी जिसमें विजयदशमी उत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम रहेगा। नागौर विभाग के सभी तीन जिले डीडवाना, मेड़ता व नागौर के सभी 251 मंडल केन्द्रों पर यह कार्यक्रम आयोजित होंगे। 2 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में अनेक मंडल केन्द्रों पर प्रथम बार पथ संचलन के आयोजन होंगे। इन मंडल केन्द्रों पर उनके अंतर्गत आने वाले पांच -पांच, छः- छः गांवों के स्वयंसेवक बंधुओं का भी सहभागी रहेगा।

नागौर जिले के सभी पांच खंड (ब्लॉक) नागौर ग्रामीण, मूंडवा, खींवसर, सांजू व जायल में इन कार्यक्रमों के आयोजन होंगे। साथ ही नागौर नगर की 16 बस्तियों में प्रत्येक बस्ती में पथ संचलन होगा। इससे पूर्व शस्त्र पूजन व बौद्धिक पाथेय भी स्वयंसेवकों को प्राप्त होगा। नागौर जिले के नागौर ग्रामीण खंड ( ब्लॉक ) में सभी 20 मंडलों में यह उत्सव संपन्न होंगे। इनमें अलाय, सथेरण, झाङीसरा, घोङारण, गोगेलाव, श्रीबालाजी, अमरपुरा, बरणगांव, सुखवासी व चूंटीसरा मंडल शामिल है जिसमें दो से 7 अक्टूबर तक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसी प्रकार रोहिणी, मकोड़ी, भदाणा, सिंगङ, रायधनु, कालङी, छीला, साडोगण, सरासनी व जोधियासी मंडल में 8 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक विजयादशमी उत्सव व पथ संचलन के कार्यक्रम रहेंगे। इसमें अनेक मंडल केन्द्रों पर पहली बार स्वयंसेवकों द्वारा पथ संचलन किया जाएगा।