



आयुर्वेद चिकित्सा शिविर, पैदल यात्रा व भजन संध्या
नागौर // जिला मुख्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर 10 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन होगा। जिला मुख्यालय के समीपस्थ अमरपुरा में संत श्रीलिखमीदासजी महाराज की जयंती के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का भी इस अवसर पर आयोजन होंगे। संत शिरोमणि श्रीलिखमीदासजी महाराज स्मारक विकास संस्थान, अमरपुरा- नागौर के कोषाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि गुरु पूर्णिमा व संत श्री की जयंती का आयोजन अमरपुरा स्थित स्मारक स्थल पर होगा। इस अवसर पर स्मारक स्थल व देव मंदिर की विशेष रूप से सजावट की जाएगी। कार्यक्रम में पंडित लूणाराम सोलंकी, अमरपुरा तथा केरू की प्रसिद्ध भजन गायिका शोभा माली व कैलाश माली द्वारा मारवाड़ी भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएगी।
गुरु पूर्णिमा को निकलेगी पैदल यात्रा
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर नागौर के राठौड़ी कुआं, नया दरवाजा, बाड़ी कुआं, गांधी चौक, दिल्ली दरवाजा व विजय बलभ चौक से होते हुए सायं 5 बजे पैदल यात्रा अमरपुरा धाम पहुंचेगी। राठौड़ी कुआं से प्रारंभ होने वाली इस यात्रा में सहभागी बनकर श्रद्धालुओं द्वारा होने वाली सामूहिक आरती में भी सहभागिता दी जाएगी। सायं काल विभिन्न स्थानों से आए श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक आरती का भी आयोजन होगा। भोपालगढ़ जोधपुर से भी श्रद्धालु भव्य वाहन रैली के माध्यम से गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अमरपुरा पहुंचेंगे।
जयंती के इस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं द्वारा स्मारक स्थल व देव मंदिर पर पूजा अर्चना की जाएगी।
यह होंगे भोजन प्रसादी पुण्य के लाभार्थी
इस अवसर पर भोजन प्रसादी के पुण्य लाभार्थी के रूप में संस्थान द्वारा भोपालगढ़ क्षेत्र के पालङी राणावता के समाजसेवी पांचाराम सोलंकी, हुकमाराम देवड़ा भोपालगढ़, ओस्तरा के रामजीवन सोलंकी, पीपाड़ सिटी के कमलेश कच्छावा व भोपालगढ़ के नरेंद्र देवड़ा को अवसर प्रदान किया गया है।
निशुल्क आयुर्वेदिक शिविर भी लगेगा
इस अवसर पर निशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का भी आयोजन होगा।शिविर में डॉ पूजा जैन, एम.डी. लाइफ स्टाइल मेडिसिन व योग आयुर्वेद द्वारा मरीजों की जांच कर उचित परामर्श दिया जाएगा। साथ ही
आयुर्वेद चिकित्सक डॉ नरेन्द्र पंवार, डॉ हेमलता सांखला, डॉ हरवीर सिंह सांगवा ( एम. एस. जनरल सर्जन आयुर्वेद), वरिष्ठ कंपाउंडर महेन्द्र राठी व सुनील लखारा द्वारा भी सेवाएं दी जायेगी। शिविर में ताऊसर के निवासी व पूर्व पंचायत समिति प्रधान मांगीलाल भाटी तथा रंभा देवी व चंदा देवी भाटी की स्मृति में भामाशाह पन्नालाल रमेश कुमार भाटी के अर्थ सौजन्य से निशुल्क जांच कर दवाइयां प्रदान की जाएगी।



