तबादलों के चक्कर में कोई भी जनप्रतिनिधि नहीं आया हेरिटेज वॉक में, केवल अधिकारियों का रहा जमावड़ा

संपादकीय

पोस्टमार्टम : कलेक्टर सहित कई अधिकारी देरी से पहुंचे, इसलिए डेढ़ घंटे देरी से शुरू हुई हेरिटेज वॉक

बीकानेर // तीन दिवसीय अंतर्राष्टीय ऊंट उत्सव का रंगारंग आगाज शुक्रवार को हो गया मगर यह पहला मौका है जब इस उत्सव की शुरूआत में जनप्रतिनिधि नदारद रहे। कारण है सरकार की ओर से खोले गए तबादले। हर जनप्रतिनिधि अपने अपने क्षेत्र के लोगों को तबादले करवाने में व्यस्त रहे। अधिकाश जनप्रतिनिधियों ने तो इन दिनों जयपुर में ही डेरा डाल रखा है। संयोग से 10 जनवरी को ऊंट उत्सव की शुरूआत हुई उसी दिन तबादलों पर लगी रोक का अंतिम दिन भी था। ऐसे में अधिकांश विधायक जयपुर में ही जमे रहे इसलिए ऊंट उत्सव के तहत पहले दिन आयोजित हेरिटेज वॉक में अधिकारियों का लवाजमा दिखाई दिया। अधिकाश अधिकारी सपरिवार हेरिटेज वॉक में आए और जमकर मिठाई व नमकीन का लुत्फ उठाया।

तबादलों का अंतिम दिन पड़ा ऊंट उत्सव की शुरूआत पर भारी

दरअसल राज्य सरकार ने 1 से 10 जनवरी तक तबादलों पर लगी रोक को खोल रखा है। ऐसे में भाजपा नेताओं से लेकर भाजपा विधायक तक अपने अपने समर्थक कार्मिकों का तबादला मनचाही जगह पर कराने के लिए जयपुर में डेरा डेरा डाले बैठे हैं। दस जनवरी को ही तबादलों से हटी रोक का अंतिम दिन। यदि यह डेट दो चार दिन के आगे नहीं बढाई तो संभवत 11 जनवरी से तबादलों पर पूर्व की भांति वापिस रोक लग जाएगी। ऐसे में विधायक जेठानंद व्यास, सिद्धि कुमारी, अंशुमानसिंह, ताराचंद सारस्वत, डा. विश्वनाथ सहित सभी विधायक ऊंट उत्सव के तहत शुक्रवार काे लक्ष्मीनाथ मंदिर से निकाली गई हेरिटेज वॉक से दूर रहे। आमजन में यह चर्चा का विषय रहा कि हेरिटेज वॉक में कोई भी नेता नजर आया। कमोबेश यही स्थिति भाजपा शहर व देहात संगठन की रही। भाजपा संगठन से जिलाध्यक्ष सहित सहित कोई भी वरिष्ठ नेता हेरिटेज वॉक में नजर नहीं आया। लोग कहते नजर आए कि ऊंट उत्सव पर इस पर तबादला नीति भारी पड़ गई है।

कलेक्टर भी एक घंटे देरी से पहुंचीं

ऊंट उत्सव के लिए जारी कार्यक्रमों के तहत हेरिटेज वॉक् लक्ष्मीनाथ मंदिर से सुबह साढ़े 8 बजे शुरू होनी थी मगर जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि भी तय समय से एक घंटे देरी से पहुंची। कलेक्टर की नामौजूदगी में ही अनेक कलकारों ने लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर में बनाए गए मंच पर अपनी प्रस्तुतियां दे दी। दस बजे बाद शुरू हुई हेरिटेज वॉक बहुत तेज गति से निकाली गई। इस दौरान जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि, एसपी कावेंद्र सागर, नगर निगम आयुक्त मयंक मनीष सहित कई अधिकारी हेरिटेज वॉक में चले। जगह जगह बीकानेरी नमकीन व बीकानेरी मिठाइयों को लाइव बनाने का प्रदर्शन किया गया। कलेक्टर सहित कई अधिकारियो ने मिठाई व नमकीन का लुत्फ उठाया।

यातायात पुलिस की खुली पोल

नियमानुसार हेरिटेज वॉक वाले रास्ते पर पहले से ही यातायात डाइवर्ट करना जरूरी था मगर बीकानेर में ऐसा नजर नहीं आया। यातायात पुलिस ने इसके लिए पहले कोई प्रबंध नहीं किए जबकि खुद एसपी कावेंद्र सागर हेरिटेज वॉक में खुद शामिल थे। पुलिस का एक वाहन हेरिटेज वॉक के आगे जरूर चल रहा था और सामने से आने वाले वाहनों को वापिस बैक कर रहा था मगर यातायात पुलिस ने पहले से कोई मोर्चा नहीं संभाला। इस कारण कहीं जगहों पर जाम लग गया। हेरिटेज वॉक जब रामपुरिया हवेली वाले इलाके में पहुंची तो कोतवाली साइड से मोहता चौक आने वाले तथा रामपुरिया हवेली होकर कोतवाली जाने वाली दोनों साइडों में वाहन चालकों की भीड़ नजर आई। उधर गोपेश्वर बस्ती से लक्ष्मीनाथ मंदिर आने वाले वाहनों को आचार्यों की बगेची के पास जरूर रोका जा रहा था। वहां यातायात पुलिस मुस्तैद रही।

शहरवासियों ने मनुहार में नहीं रखी कोई कमी

विदेशी पावणो सहित अधिकारियों ने बीकानेर की अपणायत भी देखी। हालांकि हेरिटेज वॉक में विदेशी पर्यटक न के बराबर थे और अधिकारी व पुलिसकर्मी बड़ी संख्या में थे। शहरवासियों ने कहीं चाय, नमकीन तो कहीं घेवर, जलेबी व रबड़ी की मनुहार की। इससे अधिकारी बीकानेरवासियों की अपणायत के कायल हो गए। नाटेश्वर महादेव से बड़ा बाजार जाने वाले मार्ग पर नाइयों की गली में एक घर के आगे महिलाएं व युवतियां वॉक में चल रहे लोगों पर पुष्प वर्षा कर रही थी। यहां टॉफी व जीरे की बोतलों की भी मनुहार की गई। मोहता चौक में ओझिया महाराज व हांडा महाराज की दुकान पर रबडी की मनुहार की गई। अधिकारियो ने यहां मलाई रोल व रबड़ी का लुत्फ उठाया।

  • प्रमोद आचार्य