ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

प्रशासन

नागौर // जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने बुधवार को वीसी के माध्यम से ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय कार्य योजनाओं में प्रगति लाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना पर चर्चा करते हुए सभी वेंडर्स की बैठक लेकर प्रगति लाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को योजना के शिविरों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने डिस्कॉम के सभी एईएन व एक्सईएन को शिविर में आवश्यक प्रगति लाने की बात कही। बैठक में जिला कलेक्टर ने अपार आईडी कार्य में प्रतिदिन रिपोर्ट लेने तथा आवश्यक प्रगति लाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने परीक्षा पे चर्चा की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली तथा जिले में खुले पड़े बोरवेल को शीघ्रता से बंद करवाने के लिए संबंधित ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में जिला कलेक्टर ने आयुष्मान वय वंदना कार्ड वितरण योजना तथा आयुष्मान कार्ड समय पर वितरित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पीएम-अभिम योजना की भौतिक एवं आर्थिक रिपोर्ट लेते हुए योजना के तहत उप स्वास्थ्य केंद्रों के भूमि आवंटन को लेकर चर्चा की। बैठक में जिला कलेक्टर ने ई-फाइल पर चर्चा करते हुए जायल, रियां बड़ी व खींवसर उपखंड अधिकारियों को फाइलों का समयबद्ध निस्तारण करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को ई-फाइल कार्य के लिए संबंधित कार्यालय कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने तथा समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना पर चर्चा करते हुए जिला कलेक्टर ने जिला रसद अधिकारी से रिपोर्ट मांगी। इस दौरान जिला रसद अधिकारी ने बताया कि श्रमिक कार्डधारी एकल महिला के लिए पोर्टल हर समय खुला रहता है। जिला कलेक्टर ने सड़क सुरक्षा माह जनवरी को लेकर जिले में सड़क दुर्घटना क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ब्लॉक स्तर, थाना स्तर, स्टेशन स्तर व नेशनल हाईवे स्तर आदि ब्लॉक स्पॉट की जानकारी ली तथा इन एक्सीडेंट जोन में आवश्यक सुधार लाने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने बताया कि अधिकतर दुर्घटनाएं शाम 6 बजे से रात्रि 9 बजे के बीच हो रही है, जिसमें 15 से 35 आयु वर्ग के युवाओं की मृत्यु के आंकड़े सबसे अधिक है। इसके लिए इन युवाओं को अधिक से अधिक जागरूक करने की आवश्यकता है। इस दौरान उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को सभी प्रकार के दुर्घटना मामलों की सूचना यातायात/परिवहन विभाग को देने तथा वहां से सूचना सार्वजनिक निर्माण विभाग को प्रेषित करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने बैठक में ग्राम पंचायत एवं पंचायत समितियों के पुनर्गठन/पुनर्सीमांकन /नवसृजन को लेकर आवश्यक आवेदन लेने तथा रिकॉर्ड संधारित करते हुए डाटा चैक करने के लिए भी निर्देशित किया। जिला कलेक्टर ने बताया कि आगामी 5 फरवरी से 31 मार्च तक पंचायतवार किसान रजिस्ट्रेशन शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिसमें किसानों का ई-केवाईसी करते हुए 11 डिजीट की आईडी के लिए रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। जिसके तहत पीएम किसान सम्मान निधि योजना सहित किसानों से संबंधित सभी योजनाओं का लाभ किसानों को एक आईडी से ही मिल सकेगा। इसके लिए सभी पंचायत में चिकित्सा विभाग, पशुपालन विभाग व रसद विभाग संयुक्त रूप से शिविर में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि ये शिविर सुबह 9.30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होंगे। जिसकी संपूर्ण रूपरेखा 28 जनवरी तक भिजवाना सुनिश्चित करें।

बैठक में उपखंड अधिकारी गोविंद सिंह भींचर ने शिविरों को लेकर सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक जानकारी दी तथा सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान उपखंड अधिकारी गोविंद सिंह भींचर ने बताया कि सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी शिविरों की प्रोग्रेस रिपोर्ट और शिविर में मिलने वाली शिकायतें शाम तक प्रतिदिन संग्रहित करके मुख्यालय को भेजें। इन शिविरों के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को नोडल एवं उपखंड अधिकारी व डीआर को-ऑपरेटिव को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।

बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविंद्र कुमार, जिला रसद अधिकारी अंकित पचार, कृषि अधिकारी शंकरराम सियाग, को-ऑपरेटिव के गंगाराम सहित डिस्कॉम व जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता तथा जिला स्तरीय अधिकारी एवं सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वर्चुअल रूप से जुड़े रहे।