




अभियान के तहत जिले में 31 अगस्त तक मच्छररोधी गतिविधियों का होगा आयोजन
नागौर। // जिला कलक्टर अरूण कुमार पुरोहित के निर्देशानुसार जिले में मच्छरजनित बीमारियों के नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए सोमवार से ‘स्वास्थ्य दल, आपके द्वार’ अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान इस माह 5 अगस्त से शुरू किया गया है। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों का भी अहम योगदान रहेगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश कुमावत ने बताया कि मच्छरों के फैलाव को रोकने और बीमारियों की रोकथाम के लिए संचालित किया जा रहा यह अभियान 31 अगस्त तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान टीमें सर्वे टीमों द्वारा घर-घर जाकर सोर्स रिडक्शन, एंटीलार्वल, एंटीएडल्ट व आईईसी गतिविधियां करवाने के साथ ही बुखार के मरीजों की रक्त पट्टिका लेकर मरीजों को चिन्हित करने का कार्य किया जायेगा। अभियान के दौरान की जा रही गतिविधियों की रिपोर्टिंग मरूधर एवं के माध्यम से करवाने आदि कार्य संपादित किये जाएगें। टीमों में शहरी आशा सहयोगिनी, नर्सिंग स्टूडेंट्स, एएनएम एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता शामिल होंगे।
अन्य विभागों का भी रहेगा अहम योगदान
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश कुमावत ने बताया कि ‘स्वास्थ्य दल, आपके द्वार’ अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला कलक्टर श्री अरूण कुमार पुरोहित की ओर से अन्य विभागीय अधिकारियों को विभागवार कार्याे का आवंटन कर निर्देश दिये गये है। स्थानीय निकायों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अभियान के दौरान आवश्यक गतिविधियां करें। जिसमें नाले-नालियों की सफाई, गन्दे पानी के स्त्रोतों आदि में एमएलओ डालना, फॉगिंग करवाना, प्रचार-प्रसार करना, सड़क पर बने गड्ढों को भरना, जिन घरों में लार्वा मिलते हैं उन्हें नोटिस देकर जुर्माना लगाना व खाली प्लाटों आदि की सफाई करवाना आदि शामिल है। इसी तरह नागरिक सुरक्षा विभाग छतों की टंकियों को साफ करवाने का कार्य करेगा। वहीं पंचायती राज विभाग, शिक्षा विभाग, रेलवे, आयुर्वेद विभाग, शहरी विकास विभाग एवं हाउसिंग बोर्ड व आवासन मण्डल, समाज कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों को कार्य आवंटित किया गया है, जो आपसी समन्वय के साथ आवंटित किये गए कार्याे को करेंगे। मौसमी बीमारियों के बचाव व रोकथाम गतिविधियों के अन्तर्गत ‘स्वास्थ्य दल, आपके द्वार’ अभियान में स्वास्थ्य विभाग व अन्य विभागीय टीमों द्वारा घरों का भ्रमण किये जाने के दौरान आमजन से सहयोग करें।
मच्छरों की ट्रांसमिशन श्रृंखला को तोड़ना आवष्यक
बारिश के इस मौसम में विशेषकर अगस्त, सितंबर, अक्टूबर व नवम्बर माह में मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियां ज्यादा फैलती हैं। इस अवधि के दौरान मच्छरों की ट्रांसमिशन श्रृंखला को तोडने के लिए मच्छररोधी गतिविधियों का आयोजन बहुत आवश्यक हो जाता है। बरसात के दिनों में घरों में फ्रीज की ट्रे, कूलर, मटकों, गमलों व रद्दी टायरों में पानी आदि में भी लार्वा पनपता है, इसलिए यहां नियमित सफाई की जरूरत है। उन्होंने बताया कि मच्छरों से निजात पाने के उपायों के साथ ही मौसमी बीमारियां फैलने से रोकने के लिए आमजन को जागरूक किया जा रहा है। विभाग की ओर से जिला मुख्यालय सहित खंड स्तर पर टीमों का गठन किया गया है, जिनके माध्यम से घर घर जाकर सर्वे एवं एंटीलार्वल गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।


