



बीकानेर // महाशिवरात्रि पर्व बीकानेर शहर से पूरे जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भोर होते ही शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लग गई। सुबह 7 बजे से लेकर देर रात तक मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। लोगों ने सपरिवार भगवान भोलेनाथ का विशेष पूजन किया। मंदिरों में कतारबद्ध होकर श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

शहर के शिवबाड़ी इलाके में स्थित प्राचीन लालेश्वर महादेव मंदिर में पारंपरिक मेला भरा। यहां पर आधा किलोमीटर लंबी कतारे देखी गई। मंदिर के बाहर खानपान की भी अनेक अस्थाई दुकानें लगी हुई थी।

उधर शहर के जनेश्वर महादेव मंदिर, गौरीशंकर महादेव मंदिर, मुक्तेश्वर महादेव मंदिर, अचलेश्वर महादेव मंदिर, पातालेश्वर महादेव मंदिर, महानंद जी में स्थित रामेश्वर नाथ महादेव मंदिर, धरणीधर महादेव मंदिर, आचार्यों की बगीची में जबरेश्वर नाथ महादेव मंदिर, गोपेश्वर नाथ महादेव मंदिर, भूतेश्वर मंदिर,रघुनाथसर कर कुआं क्षेत्र में स्थित रघुनाथ महादेव मंदिर तथा संसोलाव तालाब स्थित काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर और हरसोलाव तालाब स्थित अमरेश्वर नाथ मंदिर में लोगों ने पूरी रात चार प्रहर की पूजा अर्चना की और भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न किया।

गाजे बाजे से निकाली शिव बारात, मंदिरों में आकर्षक रोशनी की
शिवरात्रि के मौके पर जनेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण से महाशिवरात्रि के मौके पर शिव बारात निकाली गई ।इसमें एक युवक को प्रतीकात्मक रूप से भगवान शिव का स्वरूप धराया गया। यह शिव बारात शहर के विभिन्न मोहल्लों से होकर गुजरी तो लोगों ने पुष्प वर्षा की। उधर शहर के तमाम शिव मंदिरों को एक दिन पहले ही आकर्षक रोशनी से सजाया गया था। इस कारण मंदिरों में मेले जैसा माहौल नजर आया।





