

आदर्श मोहल्ला नागरिक समिति की ओर से हुआ आयोजन

बीकानेर // आदर्श मोहल्ला नागरिक समिति की ओर से कीकाणी व्यासों के चौक में रविवार को गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान नगर विधायक जेठानंद व्यास ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जेठानंद व्यास के साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में दीपाली व्यास व करण व्यास भी मौजूद थे। इस दौरान आदर्श मोहल्ला नागरिक समिति के श्रीकिशन व्यास ने बताया कि यहां पर स्वतंत्रता दिवस व गणतंत्र दिवस के मौके पर हर साल ध्वजारोहन का कार्यक्रम होता है। यह कार्यक्रम आजादी के बाद से लेकर अब तक निरंतर चल रहा है। इस कार्यक्रम की नींव स्वर्गीय भवानी शंकर व्यास उर्फ़ मन्नू काका ने रखी थी। उनके संयोजन में वर्षों तक यह आयोजन होता रहा और आज भी यह कार्यक्रम बहुत बदस्तूर जारी है।

आदर्श मोहल्ला नागरिक समिति के श्रीकिशन व्यास ने बताया कि कीकाणी व्यासों के चौक में आजादी के बाद से लेकर लगातार हर वर्ष 15 अगस्त व 26 जनवरी को दोनों राष्ट्रीय कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित होते हैं। ध्वजारोहण के बाद यहां पर आज चैलेंज स्कूल के बच्चों ने पीटी व परेड का प्रदर्शन किया। इस दौरान वक्ताओं ने बच्चों से अनुशासित व कर्तव्य निष्ठ बनने व एक अच्छे नागरिक बनने का आह्वान किया। देर रात मोहल्ले के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया। इस दौरान बच्चों ने देशभक्ति के गीतों पर नृत्य भी किया व अनेक काव्य रचनाएं पेश की।
प्रभात फेरी का हुआ अभिनंदन

हर वर्ष की भांति रविवार को भी गणतंत्र दिवस के मौके पर तड़के 5 बजे प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। यह प्रभात फेरी की कीकाणी व्यासों के चौक से दम्माणी चौक, लालाणी व्यासों का चौक, बिस्सों का चौक, बिनानी चौक, लखोटियों का चौक, मोहता चौक से होती हुई हर्षो के चौक से मूंदड़ा चौक होकर वापस की कीकाणी व्यासों के चौक में संपन्न हुई। हर्षो के चौक में राधाकिशन हर्ष परिवार की ओर से प्रभात फेरी का अभिनंदन भी किया गया।
ये रहे मौजूद
आदर्श मोहल्ला नागरिक समिति के ध्वजारोहण कार्यक्रम में आये नगर विधायक जेठानंद व्यास का माला व साफा पहनकर अभिनंदन किया गया। इस दौरान मांगीलाल व्यास ने विधायक को साफा पहनाया तथा बृजेश्वर लाल व्यास, गणेश लाल व्यास बलदेव व्यास व श्रीकिशन व्यास ने उन्हें शॉल व मालाएं पहनकर स्वागत किया। इस अवसर पर सेवानिवृत आरएएस मनमोहन व्यास, तेजकरण व्यास, बंसीलाल व्यास, श्यामसुंदर व्यास, नरेंद्र भाई व्यास, राजेंद्र प्रसाद व्यास, सत्यप्रकाश आचार्य, बंटी चूरा, मेघराज व्यास, अशोक कुमार व्यास, हरिहर नारायण हिंदू, सुभाष व्यास, गोपाल कृष्ण व्यास, बलदेव दास व्यास, हनुमान प्रसाद व्यास सहित अनेक लोग मौजूद थे।



