

1 घंटा 40 मिनट तक विभिन्न कार्यक्रमों का होगा आयोजन
नागौर // देश में 76 वां गणतंत्र दिवस समारोहपूर्वक मनाया जाएगा। इस दौरान जिला मुख्यालय पर खेल स्टेडियम में मार्च पास्ट, सामूहिक व्यायाम व विभिन्न विभागों द्वारा सजाई गई सजीव झांकियों के साथ राजस्थानी संस्कृति की छटा बिखरते नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। अतिरिक्त जिला कलक्टर चंपालाल जीनगर ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर पूर्वाभ्यास के साथ सभी आवश्यक तैयारियां कर ली गई है। उन्होंने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत जिला खेल स्टेडियम में सुबह 9.30 बजे ध्वजारोहण के साथ की जाएगी। इसके बाद मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री मंजू बाघमार द्वारा परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली जाएगी। इस दौरान एडीएम जीनगर द्वारा महामहिम राज्यपाल के संदेश का पठन किया जाएगा। कार्यक्रमों की श्रृंखला में सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन, आर्टिस्टिक योगा का प्रदर्शन, लेजियम प्रदर्शन, योगासन आदि प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके बाद मुख्य अतिथि का उदबोधन होगा। तत्पश्चात घोष वादन एवं प्रशंसा पत्र वितरण के साथ राजस्थानी लोक गीतों पर सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी और विभिन्न विभागों द्वारा सजीव झांकी प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। उन्होंने बताया कि गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को जिला मुख्यालय पर टाउन हाॅल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शुक्रवार को किया पूर्वाभ्यास
गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम का अंतिम रिहर्सल शुक्रवार को जिला स्टेडियम में किया गया। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी गोविंद सिंह भींचर ने परेड की सलामी ली एवं विभिन्न कार्यक्रमों का अवलोकन किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग, गृह रक्षा दल, एनसीसी स्काउट्स एवं गाईड ने परेड में भाग लिया। वहीं नागौर शहर के 25 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन, योग प्रदर्शन किया गया। शारदा बाल विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा घेाषवादन एवं लेजियम का प्रदर्शन किया गया। रतन बहन राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की बालिकाओं द्वारा सामूहिक नृत्य का प्रदर्शन किया गया। इसी प्रकार नागौर शहर के विभिन्न विद्यालयों द्वारा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 25 जनवरी को टाउन हॉल में शाम को 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
अतिरिक्त मुख्य ब्लाॅक शिक्षा अधिकारी राधेश्याम गोदारा ने बताया कि गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर टाउन हाॅल में सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। इसके बाद महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय बख्तसागर की बालिकाओं द्वारा नृत्य, स्वामी विवेकानंद माॅडल स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीतों पर नृत्य, सेठ किशनलाल कांकरिया स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा राजस्थानी घूमर, रतन बहन स्कूल की छात्राओं द्वारा देशभक्ति नृत्य सहित विशाखा सूर्योदय स्कूल, चिंतामणि परिहार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय उंटवालिया, स्वामी विवेकानंद माॅडल स्कूल, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सलेउ एवं शारदा बाल निकेतन की छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।



