



हीट वैव प्रबंधन पर निर्धारित गाइडलाइन पर काम करने के निर्देश
नागौर // जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जुगल किशोर सैनी ने सोमवार को खींवसर ब्लॉक के चिकित्सा अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक दिशा -निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सैनी ने वर्तमान में चल रही हीट वैव के प्रबंधन पर विशेष कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में मौजूद प्रमुख चिकित्सा अधिकारी सहित प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों व पैरामेडिकल स्टॉफ को निर्देश दिए कि वर्तमान में आमजन को हीट वैव से बचने के उपायों को लेकर जागरूक किया जाए। साथ ही सरकारी चिकित्सा संस्थानों में भर्ती मरीजों पर हीट वैव का प्रभाव नहीं पड़े, इसके पूरे इंतजाम करने के निर्देश दिए।
इसके साथ-साथ उन्होंने वर्तमान में संचालित मलेरिया क्रेश कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए समस्त प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों व एएनएम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बैठक में मौजूद समस्त चिकित्सा अधिकारियों, सीएचओ, एएनएम तथा एसटीएस को निर्देश दिए कि देश के प्रधानमंत्री ने हमारे भारत को टी.बी. मुक्त भारत बनाने की जो संकल्पना की है, उसे टीम हैल्थ नागौर को धरातलीय स्तर पर काम करते हुए पूरा करना है। इस अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों का संपूर्ण प्रचार-प्रसार करते हुए टी.बी. के संदिग्ध रोगियों की अधिक से अधिक सैम्पलिंग कर जांच करवाने, उपचारधीन टी.बी. रोगियों को निक्षय पोषण योजना का लाभ दिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान में अधिकारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा गणमान्यजनों को भी सक्रिय रूप से जोड़ा जाकर उन्हें निक्षय मित्र बनाएं।
खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीफल मीणा द्वारा प्रस्तुत मूंडवा ब्लॉक की हैल्थ रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जुगल किशोर सैनी ने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे चिकित्सा संस्थान और इससे संबंधित उप स्वास्थ्य केन्द्र स्तर पर दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े डाटा का एनालिसिस करें और कहीं कमी मिले तो उसमें आवश्यक सुधार लाएं। उन्होंने कहा कि राजकीय चिकित्सा संस्थानों में हैल्थ इंडीकेटर्स को पूरा करते हुए आमजन को बेहत्तर एवं गुणवत्तापरक चिकित्सा सेवाएं मुहैया करवाएं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने उप स्वास्थ्य केन्द्र से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तक एएनसी रजिस्टेशन, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, एनसीडी स्क्रीनिंग, निशुल्क दवाईयों की उपलब्धता रखने, निशुल्क जांच में गुणवत्ता का पूर्ण ध्यान रखने, टी.बी. के संदिग्ध रोगियों की अधिक से अधिक सैम्पलिंग कर जांच करने सहित मौसमी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला स्तर से एपीडेमोलॉजिस्ट साकिर खान, एफसीएलओ सादिक त्यागी, जिला अस्पताल खींवसर के पीएमओ डॉ. रामजीत टाक व वीबीडी कंसलटेंट इकबाल कुरैशी सहित खींवसर ब्लॉक के समस्त सीएचसी एवं पीएचसी प्रभारी, सीएचओ, एलएचवी, एएनएम मौजूद रहे।



