द्विधारा पथ संचलन का आयोजन 12 जनवरी को, गांधी चौक में होगा संगम

समाज

स्वामी विवेकानंद जयंती पर होगा पथ संचलन

नागौर // जिला मुख्यालय पर युग पुरुष स्वामी विवेकानंद जयंती पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा द्वि धारा संगम का आयोजन होगा। विवेकानंद जयंती पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में स्वयंसेवकों द्वारा संघ की गणवेश में पथ संचलन (रूट मार्च) निकाला जाएगा। रविवार 12 जनवरी को दोपहर सेठ किशन लाल कांकरिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से पथ संचलन का प्रस्थान होगा। इस आयोजन में कांकरिया विद्यालय से स्वयंसेवकों के द्वारा दो पथ संचलन घोषवादन के साथ प्रस्थान करेंगे। इनमें से एक पद संचलन कांकरिया स्कूल के उत्तरी भाग और दूसरा पथ संचलन दक्षिणी भाग से होते हुए निकलेंगे। इन दोनों संचलनों का संगम गांधी चौक में होगा। वहां से यह दोनों संचलन दिल्ली दरवाजा से होते हुए सैनिक क्षत्रिय माली संस्थान परिसर, हनुमान बाग में पहुंचेंगे। इससे पूर्व विद्यालय में स्वयंसेवकों द्वारा सामूहिक रूप से संपत किया जाएगा। नागौर जिला मुख्यालय के चार मंडल की 16 बस्तियों के स्वयंसेवक इसमें सहभागी बनेंगे। संघ के गुरु प्रतीक भगवा ध्वज के पावन सान्निध्य में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में संघ के स्वयंसेवकों द्वारा सामूहिक घोषवादन के साथ दंड, दंडयोग, आसन व समता का भी प्रदर्शन किया जाएगा। भारतीय शास्त्रीय वाद्य शंख, बंसी, आणक, पण्णव, झांझ व त्रिभुज आदि वाद्यों से सुसज्जित स्वयंसेवकों द्वारा इसमें भारतीय शास्त्रीय रचनाएं श्रीराम, भूप, किरण उदय व शिवरंजनी आदि रचनाओं का वादन किया जाएगा जिस पर सधे हुए कदमों से संचलन का प्रदर्शन होगा। इससे पूर्व 2010 में व उसके बाद 2015 में संघ द्वारा पथ संचलन के माध्यम से त्रिवेणी संगम का आयोजन हुआ जिसमें गांधी चौक तीनों संचलनों के संगम का केंद्र बना।