चीन में चल रहे इंडिया स्टोन मार्ट में एआई रोबोटिक मशीनों ने दिखाई रुचि

आसपास

भारतीय पत्थर उद्योग को मिलेगी नई दिशा

प्रादेशिक डेस्क // चीन के शामीन स्टोन मेले के दौरान इंडिया स्टोन मार्ट ने अंतरराष्ट्रीय प्रचार में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस दौरे के दौरान चीन, अंगोला, ईरान, कंबोडिया, वियतनाम, तुर्की और इटली जैसी विभिन्न देशों की प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ 2100 वर्ग मीटर से अधिक स्थान की बुकिंग सुनिश्चित की गई है। यह उपलब्धि इंडिया स्टोन मार्ट 2026 की वैश्विक उपस्थिति को और सशक्त बनाने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

इस यात्रा के दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव नरेश पारीक ने बताया कि उन्होंने आधुनिक स्टोन तकनीकों में भी उल्लेखनीय प्रगति देखी, जिनमें से कुछ वैश्विक स्तर पर अग्रणी और अत्याधुनिक मानी जा रही हैं। विशेष 0.5 mm वायर कटिंग तकनीक, वॉटर जेट कटिंग, उन्नत CNC तकनीक (जो मूर्तिकला और उभरी हुई छपाई में विशेष उपयोगी है), और प्राकृतिक पत्थरों के लिए उन्नत रंगीन छपाई तकनीक जैसी नवाचारों को प्रमुख रूप से देखा गया। इसके अतिरिक्त, स्टोन निर्माण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित रोबोटिक मशीनों ने भी भारतीय बाजार में गहरी रुचि दिखाई है, जो भविष्य में भारतीय पत्थर उद्योग को तकनीकी उन्नति और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में नई दिशा दे सकता है।

चीनी कंपनियों की भागीदारी हेतु महत्वपूर्ण समझौता

इंडिया स्टोन मार्ट 2026 में चीनी कंपनियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लघु उद्योग भारती (Laghu Udyog Bharti) और ValueShown Management Company के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता (Agreement) किया गया है। यह समझौता चीनी कंपनियों को इंडिया स्टोन मार्ट 2026 में भाग लेने के लिए आमंत्रित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। हालांकि, भारत सरकार द्वारा चीनी कंपनियों को वीजा जारी नहीं करने की नीति एक प्रमुख बाधा बनी हुई है। यदि सरकार चीनी कंपनियों को वीजा प्रदान करती है, तो इंडिया स्टोन मार्ट 2026 में चीनी कंपनियों की भागीदारी जबरदस्त रूप से बढ़ेगी, विशेष रूप से टूल्स और मशीनरी सेक्टर में बहुत बड़ा बदलाव होगा

लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव पारीक ने बताया कि इस यात्रा और समझौते को सफल बनाने में हमारे मित्र विकास शर्मा और विष्णु शर्मा, जो कि प्रवासी भारतीय हैं, उन्होंने चीनी कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित करने और प्रतिनिधिमंडल के लिए सुविधाओं की व्यवस्था में अहम भूमिका निभाई। उनके अथक प्रयासों से इस महत्वपूर्ण समझौते को अंतिम रूप दिया जा सका।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि से भारतीय पत्थर उद्योग को नई संभावनाएं मिलेंगी और यह उन्नत तकनीकों के उपयोग से वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अपनी स्थिति मजबूत करने में मदद करेगा। इसके साथ ही, इंडिया स्टोन मार्ट 2026 के प्रति अंतरराष्ट्रीय व्यापार जगत का बढ़ता रुझान भारतीय स्टोन उद्योग के लिए एक उज्जवल भविष्य की ओर संकेत करता है।