महिला आरक्षण बिल पारित करवाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जताया आभार

समाज

अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन जिला बीकानेर महिला इकाई की बैठक आयोजित

बीकानेर // अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की जिला बीकानेर महिला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय व्यापार भवन में आयोजित की गई। बैठक में समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव सामने रखे गए।

बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष ममता राठी ने की। उनके नेतृत्व में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने महिला आरक्षण बिल पारित करवाने पर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि यह निर्णय महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

बैठक के दौरान महिला सशक्तिकरण को केंद्र में रखते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम, कौशल विकास कार्यशालाएं एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके साथ ही समाज की जरूरतमंद बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष सहायता योजनाएं प्रारंभ करने पर भी सहमति बनी।

सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए महिला इकाई द्वारा समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर, महिला जागरूकता अभियान, स्वच्छता अभियान तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की रूपरेखा भी तय की गई। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समाज की युवा पीढ़ी, विशेष रूप से युवतियों को संगठन से जोड़कर उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिल सके।

महामंत्री सरिता नाहटा ने अपने संबोधन में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, सदस्यता विस्तार पर जोर देने तथा सभी सदस्यों के बीच समन्वय बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि महिला इकाई समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एकजुट होकर समाज के सर्वांगीण विकास, महिला सशक्तिकरण एवं संगठन की मजबूती के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष सुमन जैन, मंत्री धनलक्ष्मी जैन, वरिष्ठ सदस्य एवं संरक्षक विनोद देवी कोचर, मधु नाहटा, श्रमिला चोरड़िया, सरिता आंचलिया, माया चांडक, मधु गुलगुलिया, इंदु जैन, हिना बाफना, सुरभि अग्रवाल, उर्मिला गोयल, मोहिनी चौपड़ा, मंजु गुलगुलिया, मधु बैद, स्वाति छाजेड़ सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे और अपने विचार व्यक्त किए।