फन्ना बाबू की पुण्य स्मृति में 24 मई को होगा विशाल रक्तदान शिविर

समाज

उद्योग जगत और समाजसेवियों का मिलेगा संगम

बीकानेर // शहर के प्रख्यात उद्योगपति, समाजसेवी एवं अग्रवाल समाज के गौरव स्वर्गीय शिवरतन अग्रवाल “फन्ना बाबू” की पुण्य स्मृति में 24 मई 2026 को विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर का आयोजन बीकानेर जिला उद्योग संघ तथा बीकाजी-हल्दीराम परिवार के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजन को लेकर समाजसेवियों, व्यापारिक संगठनों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

आयोजकों ने बताया कि शिविर रविवार को प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक रिद्धि-सिद्धि पैलेस, रानी बाजार इंडस्ट्रियल एरिया, बीकानेर में आयोजित होगा। शिविर में शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, युवा मंडलों और आमजन से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की गई है।

स्वर्गीय शिवरतन अग्रवाल “फन्ना बाबू” को बीकानेर में उद्योग, सेवा और सामाजिक सरोकारों के लिए विशेष पहचान मिली हुई थी। वे बीकाजी इंटरनेशनल के संस्थापक होने के साथ-साथ अग्रवाल कन्दोई समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष भी रहे। उन्होंने अपने जीवनकाल में समाजसेवा और जनहित के कई कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाई। उनके द्वारा किए गए सामाजिक कार्य आज भी लोगों के लिए प्रेरणा बने हुए हैं।

आयोजकों का कहना है कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। गर्मी के मौसम में अस्पतालों में रक्त की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में यह शिविर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी पहल साबित होगा। शिविर में रक्तदाताओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं और चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम भी मौजूद रहेगी।

शहर के कई समाजसेवी संगठनों और व्यापारिक संस्थानों ने भी इस शिविर में सहयोग देने की घोषणा की है। आयोजकों ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करें और स्वर्गीय शिवरतन अग्रवाल “फन्ना बाबू” को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करें।