


भाजपा नेता व प्रसिद्ध विधिवेत्ता ओम आचार्य की द्वितीय पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा
सतीश पूनिया बोले- सिद्धांतों और मूल्यों की राजनीति के प्रेरणास्रोत थे आचार्य
बीकानेर // प्रसिद्ध विधिवेत्ता, भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल एवं लोकतंत्र सेनानी स्वर्गीय ओम आचार्य की द्वितीय पुण्यतिथि पर रविवार को आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में राजनीतिक, सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र की अनेक हस्तियों ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उन्हें लोकतांत्रिक मूल्यों का सच्चा प्रहरी बताया।

मुख्य वक्ता केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि स्वर्गीय ओम आचार्य उन लोगों में थे जिन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए कठिन परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौर में लोकतंत्र को बचाने के लिए अनेक लोगों ने संघर्ष किया, जिनमें ओमप्रकाश आचार्य का योगदान भी महत्वपूर्ण रहा। मेघवाल ने कहा कि लोकतंत्र केवल एक शासन व्यवस्था नहीं, बल्कि नागरिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का आधार है। ऐसे में लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और त्याग को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि ओम आचार्य संगठन को गढ़ने वाले लोग थे। जनसंघ व भाजपा को उन्होंने गांव गांव जाकर मजबूत किया इसलिए वे सदैव समरणीय रहेंगे। उन्होंने एक सफल विधिवेत्ता होने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी हमेशा प्राथमिकता दी। कानून के क्षेत्र में उनकी गहरी समझ और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उन्हें विशिष्ट बनाती थी।

मुख्य अतिथि एवं भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि स्वर्गीय ओम आचार्य का जीवन सिद्धांतनिष्ठ राजनीति, सामाजिक सेवा और संगठन के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण था। उन्होंने कहा कि आचार्य उन व्यक्तित्वों में थे जिन्होंने अपने विचारों और मूल्यों के आधार पर समाज में विशिष्ट पहचान बनाई। भाजपा के शुरुआती दौर में संगठन को मजबूत करने और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

पूनिया ने कहा कि वर्तमान दौर में जब राजनीति में मूल्यों और आदर्शों की चर्चा होती है, तब ओम आचार्य जैसे व्यक्तित्व प्रेरणा के स्रोत बनकर सामने आते हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्ति अपने पद से नहीं बल्कि अपने कार्यों और विचारों से बड़ा बनता है और आचार्य का जीवन इसका उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए ऐसे व्यक्तित्वों के जीवन से प्रेरणा लें।
कार्यक्रम में विधायक जेठानंद व्यास, सिद्धि कुमारी, विधायक विश्वनाथ मेघवाल, ताराचंद सारस्वत, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल बिश्नोई, संघ के पूर्व प्रचारक रमेश इसरानी, भाजपा नेता लोकेश चतुर्वेदी, भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़, पण्डित जुगल किशोर ओझा पुजारी बाबा व सालासर धाम के पुजारी पण्डित लक्ष्मीनारायण पुजारी सहित अनेक वक्ताओं ने स्वर्गीय ओम आचार्य के व्यक्तित्व एवं समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने स्वर्गीय ओम आचार्य के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। संस्थान मंत्री विजय कुमार आचार्य ने स्वागत उद्बोधन देते हुए आचार्य के जीवन पर प्रकाश डाला तथा सभी अतिथियों परिचय कराया। अंत में संस्थान अध्यक्ष श्रीभगवान अग्रवाल ने अध्यक्षीय उद्बोधन दिया। कार्यक्रम का संचालन बनवारीलाल शर्मा ने तथा आभार श्रीभगवान अग्रवाल ने व्यक्त किया।
ये भी रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व महापौर नारायण चोपड़ा, डॉ सत्य प्रकाश आचार्य, जालम सिंह भाटी, अखिलेश प्रताप सिंह, मोहन सुराणा, एडवोकेट मुमताज अली भाटी एडवोकेट कुलदीप शर्मा, ज्योतिषाचार्य हरिनारायण व्यास मन्नासा, पंडित राजेन्द्र किराडू, महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार यशपाल आहूजा, राजकुमार किराडू, दीपक पारीक, शिवरतन अग्रवाल, संपत पारीक, हनुमान चांडक, देवकिशन चांडक देवश्री, एडवोकेट सत्य नारायण तिवाड़ी, एडवोकेट अविनाश चन्द्र व्यास, तेजकरण गहलोत, सतपाल सिंह शेखावत, महेश व्यास, राधेश्याम सेवग, रमजान अब्बासी सहित अनेक लोग मौजूद थे।



