


4 ट्रैक्टर-ट्रॉली कचरा हटाया, पीपल के पौधे लगाए, नगर निगम कर्मियों और समिति सदस्यों ने मिलकर दिया स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण का संदेश
बीकानेर । श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर विकास एवं पर्यावरण समिति, श्री शांति विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय शीतला गेट और नगर निगम बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को श्री लक्ष्मीनाथ जी पार्क में व्यापक श्रमदान, सफाई अभियान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान में करीब 100 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने भगवान श्री लक्ष्मीनाथ जी के जयकारों के साथ पार्क परिसर की सफाई करते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

समिति के सचिव सीताराम कच्छावा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य नगर सेठ श्री लक्ष्मीनाथ जी के ऐतिहासिक परिसर को स्वच्छ बनाए रखना तथा आमजन में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि समिति भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाकर पार्क की स्वच्छता और हरियाली बनाए रखने का प्रयास करेगी।
अभियान में श्री शांति विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश मोदी के निर्देशन में सौरभ बजाज और विनय सोलंकी के नेतृत्व में 25 विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। वहीं नगर निगम के सफाई निरीक्षक रवि चंदेलिया एवं जमादार भगवान दास के नेतृत्व में 20 सफाई कर्मचारियों ने पार्क परिसर की सफाई की। समिति के सदस्यों और नियमित आने वाले श्रद्धालुओं के सहयोग से पार्क से चार ट्रैक्टर-ट्रॉली कचरा हटाया गया। सफाई अभियान के साथ समिति की ओर से पीपल के पौधे लगाकर वृक्षारोपण भी किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने पौधों के संरक्षण और पार्क परिसर में नियमित सफाई अभियान चलाने का संकल्प लिया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में विनोद महात्मा, सुमित कोचर, शिव प्रकाश सोनी, मूलचंद पवार, कुंदन सिंह राजपुरोहित, शिवचंद तिवाड़ी, नरोत्तम आचार्य, कंवरलाल पवार, महेंद्र सोनी, धीरज जैन, शशि मोहन दरगड़, जे.पी. आचार्य, हरिप्रकाश सोनी, राजकुमार कच्छावा, नरेंद्र शर्मा, गणेश सोनी, मेघराज सोलंकी, किशनलाल सेन, बाबूलाल सोनी, हेमंत शर्मा, प्रकाशवीर सोनी, चेतन सांखला, मगन सोनी, एन.डी. खत्री, निर्मल सोनी, कालू वैष्णव, मुरली पवार, सुमित आचार्य, तखराज टाक सहित राकेश एवं अन्य स्वयंसेवियों ने उल्लेखनीय योगदान दिया। आयोजन के अंत में समिति ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए स्वच्छ और हरित बीकानेर के लिए जनभागीदारी को लगातार बढ़ाने का आह्वान किया।



