राजस्थान विधानसभा के अमृत महोत्सव में गूंजेगी बीकानेर की आवाज, वरिष्ठ विधायक के रूप में डॉ. बी.डी. कल्ला होंगे सम्मानित

प्रशासन

उपराष्ट्रपति करेंगे सम्मान, 1964 के राजस्थान अनिवार्य शिक्षा अधिनियम पर रखेंगे विचार; कांग्रेस ने बताया बीकानेर के लिए गौरव का क्षण

बीकानेर। राजस्थान विधानसभा के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विधानसभा सचिवालय द्वारा आयोजित किए जा रहे अमृत महोत्सव में बीकानेर पश्चिम के पूर्व विधायक एवं राज्य के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला को वरिष्ठ विधायी सदस्य के रूप में सम्मानित किया जाएगा। इस गरिमामय समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति उनके दीर्घ एवं उत्कृष्ट विधायी योगदान के लिए सम्मान प्रदान करेंगे।

डॉ. कल्ला राज्य के उन चुनिंदा जनप्रतिनिधियों में शामिल हैं, जिन्हें पांच दशक से अधिक के विधायी अनुभव का गौरव प्राप्त है। विधानसभा में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें कई बार सर्वश्रेष्ठ विधायक के सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।

अमृत महोत्सव के तहत पिछले 75 वर्षों में राजस्थान विधानसभा से पारित 23 महत्वपूर्ण विधेयकों पर वरिष्ठ एवं पूर्व विधायकों को अपने विचार रखने का अवसर दिया जा रहा है। बीकानेर के लिए यह विशेष गौरव का विषय है कि राजस्थान अनिवार्य शिक्षा अधिनियम, 1964 पर अपने विचार रखने के लिए डॉ. बी.डी. कल्ला का चयन किया गया है।

इस उपलब्धि पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी एवं कांग्रेस के अग्रिम संगठनों ने डॉ. कल्ला को बधाई देते हुए कहा कि उनका सम्मान पूरे बीकानेर के लिए गर्व का विषय है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि डॉ. कल्ला ने अपने लंबे राजनीतिक और विधायी जीवन में सदैव विधानसभा में बीकानेर के हितों को मजबूती से उठाया तथा शहर के सर्वांगीण विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया।