


काशी विश्वनाथ मंदिर में 51 किलो दूध से हुआ बाबा भोले का रुद्राभिषेक
बीकानेर // सावन के प्रथम सोमवार पर शहर के शिव मंदिरों में सुबह से लेकर रात तक रुद्राभिषेक चले। भोर होते ही शिव मंदिरों में लोगों ने सपरिवार बाबा भोलेनाथ के दर्शन किए। इस कारण शिव मंदिरों में दिन भर चहल पहल दिखाई दी।
काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में भगवान शिव का 51 किलो दूध सहित पंचामृत से भव्य रुद्राभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और शिवभक्तों के जयघोष के बीच संपन्न हुए इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया।
रुद्राभिषेक का आयोजन महाबली भैया श्याम पहलवान के आचार्यत्व में विधि-विधान से संपन्न हुआ। इस दौरान भगवान शिव का दूध, दही, घी, शक्कर एवं पंचामृत से अभिषेक कर सुख, समृद्धि और लोककल्याण की प्रार्थना की गई। मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से देर तक भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
कार्यक्रम में शिवजी छंगाणी, कृष्ण मोहन छंगाणी, दुर्गा शंकर, मुन्ना महाराज, मनोहर सोनी, हर्षा महाराज, दुलीचंद पार्षद सहित अनेक शिवभक्त मौजूद रहे। बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी श्रद्धापूर्वक भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर परिवार, समाज और राष्ट्र की खुशहाली, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजकों ने सभी भक्तों का आभार व्यक्त करते हुए सावन माह में नियमित धार्मिक आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।



