स्वर्ण मुकुट पहन नन्हे बच्चों ने मनाया राष्ट्रीय गौरव दिवस

शिक्षा

महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में अनुच्छेद 370 हटने की वर्षगांठ पर देशभक्ति का दिखा उत्साह, ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंजा परिसर

बीकानेर // स्थानीय महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मुरलीधर नगर में बुधवार को ‘स्वर्ण मुकुट मस्तक राष्ट्रीय गौरव दिवस’ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में अध्यापिका ज्योति बोड़ा के निर्देशन में विद्यार्थियों ने अपने मस्तक पर स्वर्ण मुकुट धारण कर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

ज्योति बोड़ा ने बताया कि 5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के अधिकांश प्रावधान हटाकर भारतीय संविधान के प्रावधानों को वहां लागू किया गया था। इस दिन को राष्ट्रीय गौरव से जोड़ते हुए विद्यालय में विद्यार्थियों को इस ऐतिहासिक निर्णय की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में नन्हे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से विद्यालय परिसर को गुंजायमान कर दिया। स्वर्ण मुकुट पहने बच्चे सभी का मन मोह रहे थे। विद्यालय स्टाफ ने भी बच्चों के साथ कार्यक्रम में भाग लेकर उन्हें राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर दीप माला पाल, राखी पुरोहित, मोनिका व्यास, सुचित्रा पुरोहित, सचिन जोशी, विनोद ओझा, हर्षा मैडम सहित विद्यालय के सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना देखने को मिली।