



तैयारियों का जायजा लेने बीकानेर पहुंचे प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम, विधायक जेठानंद व्यास सहित पदाधिकारी रहे मौजूद
बीकानेर // प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों को लगातार 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में बुधवार 7 अक्टूबर को सुबह 9 बजे सेवा ज्योति यात्रा बीकानेर पहुंचेगी। यहां मेडिकल चौराहे पर उसका स्वागत किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। कार्यक्रम से एक दिन पहले भाजपा के प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम बीकानेर पहुंचे और पार्टी नेताओं के साथ कार्यक्रम की व्यवस्थाओं एवं प्रस्तावित रूट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विधायक जेठानंद व्यास, प्रवासी प्रकोष्ठ के प्रभारी अनिल जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़, दिलीप सिंह आढ़सर, सत्यप्रकाश आचार्य, अशोक प्रजापत सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। नेताओं ने कार्यक्रम स्थल, यात्रा मार्ग और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
भाजपा नेताओं ने बताया कि सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठन स्तर पर लगातार समन्वय किया जा रहा है।
भाजपा के अनुसार बुधवार को आयोजित होने वाले सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प कार्यक्रम में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल विशेष रूप से शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और संगठन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।



