रामपुरा की गली संख्या 11 में चार साल पुरानी पेयजल समस्या का समाधान, अंतिम छोर तक पहुंचा पानी

प्रशासन

अधीक्षण अभियंता जे.के. चारण ने कहा—जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण विभाग की प्राथमिकता, विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों पर भी होती है त्वरित कार्रवाई

बीकानेर // शहर के रामपुरा क्षेत्र की गली संख्या 11 में पिछले चार वर्षों से चली आ रही पेयजल आपूर्ति की समस्या का समाधान कर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान की गई है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता जे.के. चारण ने बताया कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से मौके पर पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण करने के साथ ही गली के अंतिम छोर तक पानी पहुंचने की स्थिति का सत्यापन किया गया। इस दौरान वार्ड संख्या 39 के पार्षद सलमान भी उपस्थित रहे।

समस्या के समाधान के लिए मौके पर पहुंचकर जलापूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा आवश्यक कार्रवाई करते हुए पेयजल आपूर्ति सुचारू करवाई गई। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि गली के अंतिम छोर पर रहने वाले उपभोक्ताओं तक भी पर्याप्त रूप से पानी पहुंचे। लंबे समय से पेयजल समस्या का सामना कर रहे स्थानीय निवासियों को इससे राहत मिली है।

शिकायतों के निस्तारण के लिए कई माध्यम उपलब्ध

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता जे.के. चारण ने बताया कि आमजन की पेयजल संबंधी समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए विभाग प्रतिबद्ध है। उपभोक्ता अपनी शिकायतें टोल फ्री नंबर 181 के अतिरिक्त विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 2226454 पर भी दर्ज करवा सकते हैं। इसके अलावा संबंधित क्षेत्र के अधिशासी अभियंता (Ex. En.), सहायक अभियंता (AEN) एवं कनिष्ठ अभियंता (JEN) के मोबाइल नंबरों पर प्राप्त होने वाली शिकायतों पर भी आवश्यक कार्रवाई कर उनका निस्तारण किया जाता है।

अंतिम छोर तक जलापूर्ति सुनिश्चित करना प्राथमिकता

चारण ने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल शिकायत प्राप्त करना ही नहीं, बल्कि समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित करना है। इसके लिए आवश्यकता के अनुसार मौके पर निरीक्षण, जलापूर्ति व्यवस्था की जांच तथा शिकायत के निस्तारण के बाद स्थिति का सत्यापन भी किया जाता है। रामपुरा की गली संख्या 11 में पेयजल समस्या का समाधान इसी दिशा में की गई कार्रवाई का उदाहरण है।इसके अलावा भी शिकायत पर तत्काल कार्यवाही की जा रही है।