सेवा और समर्पण के कर्मयोगियों को मिलेगा ‘दीपावली वॉरियर्स अवार्ड’, समारोह रविवार को

आसपास

डॉक्टर, पुलिसकर्मी, निगम कर्मचारी, फायर ब्रिगेड के जवान और समाजसेवी होंगे सम्मानित, तैयारियां पूरी

बीकानेर। दीपावली के दौरान अपनी ड्यूटी और सेवा के जरिए आमजन की खुशियों और सुरक्षा को सुनिश्चित करने वाले कर्मयोगियों का रविवार को सम्मान किया जाएगा। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और अरज फाउंडेशन की ओर से आयोजित ‘दीपावली वॉरियर्स अवार्ड’ समारोह 22 नवंबर को शाम 4 बजे जिला उद्योग संघ सभागार में होगा। आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

आईएमए के डॉ. राहुल हर्ष ने बताया कि समारोह में चिकित्सकों, पुलिसकर्मियों, नगर निगम कर्मचारियों, फायर ब्रिगेड के जवानों तथा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें वे लोग भी शामिल हैं, जिन्होंने दीपावली के अवसर पर अभावग्रस्त और जरूरतमंद बच्चों के बीच पहुंचकर उनके चेहरों पर खुशियां बिखेरीं। समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा देने वाले ऐसे कर्मयोगी एक मंच पर जुटेंगे, जिनके योगदान से हजारों लोगों की दीपावली सुरक्षित और खुशहाल बनी।

अरज इवेंट्स के रविन्द्र हर्ष ने बताया कि बीकानेर में अपनी तरह का यह पहला आयोजन है, जिसका उद्देश्य त्योहार के दौरान परिवार से दूर रहकर दूसरों की खुशियों और सुरक्षा के लिए जुटे रहने वाले लोगों के सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता के भाव को सम्मान देना है। जब पूरा शहर त्योहार मना रहा होता है, तब अनेक कर्मचारी और समाजसेवी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए आमजन की खुशियों को सुनिश्चित करने में जुटे रहते हैं।

कमेटी का किया गठन

अवार्ड समारोह के लिए गठित चयन समिति में जिला उद्योग संघ अध्यक्ष डीपी पच्चीसिया, सीके बिरला हॉस्पिटल जयपुर के संजीव जाजोरिया, जितेश, निर्मल कामरा, रविंद्र हर्ष, ज्योति प्रकाश रंगा, अनिल जोशी और पत्रकार प्रमोद आचार्य को शामिल किया गया है।