दो दिवसीय शिविर में 106 सेवानिवृत्त कार्मिकों के बने जीवित प्रमाण पत्र

समाज

बीकानेर। केके पुरोहित स्मृति संस्थान एवं पुष्करणा हेल्पिंग हैंड्स के संयुक्त तत्वावधान में सेवानिवृत्त राजकीय कार्मिकों के जीवित प्रमाण पत्र बनाने के लिए आयोजित दो दिवसीय शिविर रविवार को संपन्न हुआ। नत्थूसर गेट के अंदर आयोजित इस शिविर में कुल 106 सेवानिवृत्त कार्मिकों के जीवित प्रमाण पत्र बनाए गए।

शिविर प्रभारी सुरेश व्यास ने बताया कि सेवानिवृत्त कार्मिकों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों को जीवित प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से इस शिविर की पहल की गई। शिविर के पहले दिन 82 सेवानिवृत्त कार्मिकों के प्रमाण पत्र बनाए गए, जबकि दूसरे दिन 24 कार्मिकों ने इस सुविधा का लाभ उठाया। इस प्रकार दोनों दिनों में कुल 106 कार्मिकों के प्रमाण पत्र जनरेट किए गए।

शिविर के दूसरे दिन कार्यक्रम की शुरुआत केके पुरोहित के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने संस्थान की ओर से वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में रमेश व्यास, संदीप पुरोहित, संतोष व्यास, शिवम आचार्य, शिव कुमार पुरोहित एवं स्वरूप सिंह पुरोहित सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।