नागौर मूल के अभिनव पुरोहित को कैलिफोर्निया में मिला राष्ट्रपति की ओर से स्वर्ण पदक

समाज

अभिनव के दादा बंशीलाल पुरोहित को भी मिल चुका है जनगणना के दौरान राष्ट्रपति की ओर से रजत पदक

नागौर // यह खबर नागौर के लिए गर्व की खबर है। नागौर मूल के एक छात्र को अमेरिका के कैलिफोर्निया में राष्ट्रपति की ओर से स्वर्ण पदक व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है। रोचक बात यह है कि इस छात्र के दादा को भी भारत में जनगणना कार्य के दौरान भारत के राष्ट्रपति की ओर से रजत पदक मिल चुका है। यह छात्र है नागौर के श्री कॉलोनी में रहने वाले सेवानिवृत शिक्षक बंशीलाल पुरोहित के पौत्र अभिनव पुरोहित। नागौर के लोग जहां भी रहेंगे अपनी सहृदयता और सहिष्णुता से अपनी छाप जरूर छोड़ेंगे। इस उक्ति को अभिनव पुरोहित ने साकार भी कर दिया है। दरअसल नागौर के मूल निवासी अरविन्द पुरोहित जो वर्तमान में केलिफोर्निया अमेरिका में रहते हैं। उनके सुपुत्र अभिनव पुरोहित को हाई स्कूल में उनकी स्वयंसेवक के रूप में 255 घंटे की समाज सेवा के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति की ओर से स्वर्ण पदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है। अभिनव के चाचा आनंद पुरोहित ने बताया कि नागौर में रहने वाले अभिनव के दादा बंशीलाल पुरोहित को भी वर्ष 1991 की जनगणना में श्रेष्ठ कार्य के लिए भारत के राष्ट्रपति की ओर से रजत पदक मिल चुका है। कैलिफोर्निया में रहने वाले भारतीय समाज के लोगों ने अभिनव की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जाहिर की है और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही है।