



बीकानेर // पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में न्यायिक अधिकारियों के साथ हुई गंभीर घटना को लेकर बार एसोसिएशन, बीकानेर ने कड़ी नाराजगी जताई है। एसोसिएशन ने इसे न्यायपालिका की गरिमा पर सीधा हमला बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित ने बताया कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार न्यायिक अधिकारी मतदाता सूची के निरीक्षण के लिए मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान असामाजिक तत्वों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और न्यायिक कार्य में बाधा डाली। एसोसिएशन का कहना है कि इस तरह की घटनाएं न केवल न्यायपालिका की स्वतंत्रता पर सवाल खड़े करती हैं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को भी कमजोर करती हैं। यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो इसका व्यापक नकारात्मक प्रभाव कानून व्यवस्था पर पड़ सकता है। बार एसोसिएशन, बीकानेर ने भारत सरकार से मांग की है कि इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा के लिए ठोस और प्रभावी व्यवस्था की जाए।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि ऐसी घटनाओं पर शीघ्र अंकुश नहीं लगाया गया, तो देश की न्यायिक प्रणाली कमजोर पड़ सकती है, जो किसी भी लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।



