



परिचर्चा, सांस्कृतिक संध्या और यूथ आइकॉन अवार्ड रहेंगे मुख्य आकर्षण
संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा होंगे आयोजन के अध्यक्ष
बीकानेर // नगर स्थापना दिवस इस बार नए अंदाज और व्यापक स्वरूप में मनाया जाएगा। बीकानेर नगर स्थापना दिवस समारोह समिति और नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समिति के अध्यक्ष के रूप में संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा की नियुक्ति की गई है। यह तीन दिवसीय उत्सव बीकानेर की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और प्रगतिशील स्वरूप को नई पहचान देगा तथा शहर में एकता और गौरव की भावना को और मजबूत करेगा।
कार्यक्रम संयोजक रविन्द्र हर्ष ने बताया कि इस वर्ष आयोजन को खास बनाने के लिए शहर के 100 से अधिक युवा कलाकारों को जोड़ा गया है, जो अपनी कला से बीकानेर को विशेष रंगों में सजाएंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवाओं की भागीदारी और शहर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देगा।
सहसंयोजक अनिल जोशी के अनुसार “बीकानेर के बढ़ते कदम” विषय पर आयोजित होने वाली विशेष परिचर्चा में शहर के विकास, चुनौतियों और संभावनाओं पर गंभीर चर्चा की जाएगी। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के बुद्धिजीवी भाग लेकर अपने विचार साझा करेंगे।
वहीं सहसंयोजक ज्योति प्रकाश रंगा ने जानकारी दी कि “फिर गूंजेगा बीकानेर” सांस्कृतिक संध्या इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगी। इस मंच पर स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, साथ ही बीकानेर यूथ आइकॉन अवार्ड के माध्यम से प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन के तहत रंगोली प्रतियोगिता, नागरिक अभिनंदन और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। समिति ने बीकानेर के विकास में योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है।



