बीकानेर में चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध की मांग, जैन महासभा ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

समाज

अक्षय तृतीया पर पतंगबाजी के दौरान पक्षियों व राहगीरों की सुरक्षा को लेकर उठाई आवाज

बीकानेर // जैन महासभा बीकानेर के अध्यक्ष कन्हैया लाल बोथरा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने आज जिला कलेक्टर निशांत जैन से मुलाकात कर चाइनीज मांझे पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को अवगत कराया कि बीकानेर के स्थापना दिवस एवं अक्षय तृतीया के अवसर पर शहर में बड़े पैमाने पर पतंगबाजी होती है। इस दौरान चाइनीज मांझे के उपयोग से असंख्य पक्षियों की अकाल मृत्यु हो जाती है, वहीं दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के घायल होने की घटनाएं भी सामने आती हैं। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि चाइनीज मांझे पर सख्ती से रोक लगाकर पक्षियों को अभयदान प्रदान किया जाए।

इस अवसर पर कन्हैया लाल बोथरा ने जैन महासभा की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा बीकानेर में प्रतिवर्ष सामूहिक महावीर जयंती, तप अभिनंदन समारोह तथा सामूहिक क्षमा याचना जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

मेघराज बोथरा ने बताया कि जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाता है, ताकि कोई भी जैन छात्र आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा से वंचित न रहे। महासभा के सहमंत्री मनीष नाहटा ने बताया कि उच्च शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया जाता है।

कोषाध्यक्ष जसकरण छाजेड़ ने कहा कि समय-समय पर समाज के प्रोफेशनल व्यक्तियों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाता है। वहीं महासभा के महामंत्री जतनलाल संचेती ने बताया कि सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए विवाह एवं अन्य पारिवारिक आयोजनों में अन्न एवं धन के अपव्यय को रोकने हेतु “21 व्यंजन सीमा अभियान” चलाया जा रहा है।
इस दौरान जैन मोहन सुराणा, संजय सांड, चम्पकमल सुराणा, इन्दरमल सुराणा, रिद्धकरण सेठिया, कुणाल कोचर, ऋषभ बोथरा सहित जैन महासभा के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।