एलिक्जर इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित हुआ कानूनी जागरूकता कार्यक्रम

शिक्षा

मोबाइल दुरुपयोग से बढ़ रहे साइबर अपराध, विद्यार्थी रहें सतर्क — मजिस्ट्रेट अशोक चौधरी

बीकानेर // डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी (डलसा) की ओर से चलाए जा रहे कानूनी जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को एलिक्जर इंटरनेशनल स्कूल, डागा चौक में कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पारिवारिक न्यायालय के मजिस्ट्रेट अशोक चौधरी ने विद्यार्थियों को मोबाइल के दुरुपयोग, साइबर क्राइम और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में बच्चों को सतर्क और जागरूक रहना बेहद आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे इन विषयों पर अपने माता-पिता से खुलकर संवाद करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि से दूर रहें।

विद्यालय के प्राचार्य शैलेश तिवाड़ी एवं संचालक शिव कुमार बिस्सा, ओम पारीक व अनु जोशी ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि किसी छात्र के साथ साइबर क्राइम की कोई घटना होती है, तो उसे छुपाने के बजाय तुरंत अपने माता-पिता और शिक्षकों को इसकी जानकारी देनी चाहिए।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मोबाइल के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या ऑनलाइन असुरक्षा की स्थिति में तुरंत सहायता ली जा सकती है।

इस दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन: 1098, आपातकालीन पुलिस सहायता: 112 और साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन: 1930 की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे जिम्मेदारी के साथ डिजिटल माध्यमों का उपयोग करें और समाज में भी जागरूकता फैलाएं।