



जयपुर // राजस्थान सरकार के कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग द्वारा चल रहे सांस्कृतिक सृजन पखवाड़ा (17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025) के अंतर्गत 19 सितम्बर को जयपुर विधानसभा स्थित कन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में भव्य अखिल भारतीय संत सम्मेलन का आयोजन होगा। यह सम्मेलन संस्कृत अकादमी और धर्म सेतू के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जायेगा। इस अवसर पर संस्कृत अकादमी की निदेशक डॉ. लता श्रीमाली ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अध्यात्म, गौ सेवा, भगवद्गीता और राष्ट्र हित को समर्पित है। इसी कड़ी में देशभर से पधारे 151 संतों -महंतों का विशेष सम्मान किया जायेगा।
सम्मेलन में संत महंत अपने आशीर्वचन प्रदान करेंगे। धर्म सेतू के फाउंडर राघव जोशी नें बताया की देश के जाने माने संत महंतों के स्वागत के लिए संयोजक आचार्य राजेश्वर को बनाया गया है! इस आयोजन के लिए
महंत दीपक वल्लभ गोस्वामी और प्रिय शरण युवा भागवताचार्य नें आज अखिल भारतीय संत सम्मेलन के पोस्टर का लोकार्पण किया। इस सम्मेलन में देश के कोने-कोने से आए संतों और महंतों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। आयोजन में बड़ी संख्या में संत, विद्वान, समाजसेवी, संस्कृति से जुड़े प्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।



