




प्रादेशिक डेस्क // चीन में आयोजित हो रहे विश्व प्रसिद्ध शामिन स्टोन फेयर में इस वर्ष पहली बार इंडिया स्टोन मार्ट 2026 के वैश्विक प्रचार के लिए एक भारतीय प्रतिनिधिमंडल भी लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव नरेश पारीक के नेतृत्व में भाग लेगा। यह अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी 16 मार्च से 19 मार्च तक चीन में आयोजित होगी, जिसमें पत्थर उद्योग के प्रमुख विशेषज्ञ, निर्माता, व्यापारी और विश्वस्तरीय कंपनियां हिस्सा लेंगी।

इस महत्वपूर्ण दौरे में लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव नरेश पारीक, उपाध्यक्ष नटवरलाल अजमेरा, वित्तीय सलाहकार योगेश गौतम, प्रांत संयुक्त महामंत्री सुरेश कुमार विश्नोई तथा सीडोस (सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ स्टोन्स) की ओर से वरिष्ठ उप महाप्रबंधक विवेक जैन भारतीय पत्थर उद्योग का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल का यह दौरा इंडिया स्टोन मार्ट 2026 के अंतरराष्ट्रीय प्रचार-प्रसार और भारतीय प्राकृतिक पत्थरों की वैश्विक बाजार में मजबूत पहचान स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस दौरान प्रतिनिधि अंतरराष्ट्रीय व्यापारियों, निर्माताओं और निर्यातकों से संवाद करेंगे तथा उन्हें इंडिया स्टोन मार्ट 2026 में भाग लेने के लिए आमंत्रित करेंगे।
इंडिया स्टोन मार्ट-2026
एशिया की सबसे भव्य प्राकृतिक पत्थर आधारित प्रदर्शनी है, जिसे सीडोस (CDOS), राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (RIICO) और लघु उद्योग भारती के संयुक्त तत्वावधान में 5 फरवरी से 8 फरवरी 2026 के दौरान जेईसीसी, सीतापुरा, जयपुर में आयोजित किया जाएगा।
यह दौरा भारत और चीन के बीच पत्थर उद्योग में व्यापारिक संबंधों को सुदृढ़ करने और भारतीय पत्थर उद्योग को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा।
उल्लेखनीय है कि नरेश पारीक मूल रूप से मेड़ता सिटी के निवासी है तथा लंबे समय से लघु उद्योग भारती से जुड़े हुए हैं। पिछले दिनों में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ भी कई विदेशी दौरे कर चुके हैं।



