


नई दिल्ली में आयोजित दीक्षांत समारोह में शिक्षा एवं लेखा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए हुआ सम्मान
बीकानेर // यूनाइटेड स्टेट ऑफ अमेरिका की सीडर ब्रुक विश्वविद्यालय द्वारा बीकानेर के शिक्षाविद सुभाष जोशी एवं लेखा विशेषज्ञ दिनेश चुरा को पीएचडी की मानद उपाधि प्रदान की गई है।
अखिल भारतीय पुष्टिकर सेवा परिषद (युवा) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.जी. बिस्सा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पीएम श्री राजकीय सादुल उच्च माध्यमिक विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक एवं शिक्षाविद सुभाष जोशी को शिक्षा के क्षेत्र में तथा स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के कोषाधिकारी दिनेश चुरा को लेखा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। बिस्सा ने बताया कि नई दिल्ली स्थित मेपल गोल्ड बैंक्वेट्स, रेडिसन ब्लू होटल में आयोजित भव्य दीक्षांत समारोह में दोनों को यह मानद उपाधि प्रदान की गई। समारोह में विश्वविद्यालय के अधिकारियों के अलावा पूर्व सांसद दीप सिंह राठौड़, भारत सरकार के मंत्रालय के उपनिदेशक रघुवीर शर्मा, सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. प्रभात कुमार तथा नेपाल से विशेष रूप से पधारे विश्व गुरु डॉ. गौरी शंकर महाराज सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सुभाष जोशी और दिनेश चुरा को मानद उपाधि मिलने पर बीकानेर के शिक्षा एवं लेखा जगत में हर्ष का माहौल है। दोनों ने अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर यह सम्मान प्राप्त किया है। उनके इस सम्मान से क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा एवं लेखा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।



