




परीक्षा प्रारंभ होने से 60 मिनट पूर्व तक ही प्रवेश
नागौर // राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा आयोजित राजस्व अधिकारी ग्रेड-2 एवं अधिशाषी अधिकारी वर्ग-IV पुनः परीक्षा, 2022 एक पारी में 23 मार्च को दोपहर 12 बजे से 02 बजे तक जिला मुख्यालय पर 17 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जाएगी। जिसमें 6089 अभ्यर्थियों द्वारा परीक्षा दी जाएगी। उक्त विषयक परीक्षा हेतु जिला मुख्यालय पर कलक्ट्रेट सभागार में परीक्षा की तैयारियों के संबंध में जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित,परीक्षा समन्वयक एंव पदेन अतिरिक्त जिला कलक्टर, नागौर व जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक (मुख्यालय), नागौर की उपस्थिति में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान परीक्षा से संबंधित उपसमन्वयक, पर्यवेक्षक, कन्द्राधीक्षक, सहायक केन्द्राधीक्षक सहित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित हुए।
प्रशिक्षण के दौरान जिला कलक्टर पुरोहित द्वारा समस्त केन्द्राधीक्षकों को परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन करवाने के संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश प्रदान किए। पुलिस विभाग को डिबार केन्डिडेंटों की ट्रेसिंग करने एवं पुलिस विभाग से संबंधित समस्त कार्यवाही समय पर एवं गंभीरता से सम्पादित किए जाने के निर्देश प्रदान किए। उन्होंने राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम अध्युपाय) अधिनियम 2022 के नियमों की जानकारी प्रदान करते हुए किसी भी तरह की नकल में शामिल होने/गतिविधियों में भाग लेने पर कार्यवाही किए जाने के निर्देश प्रदान किए। परीक्षार्थियों की गहन सुरक्षा जाँच (Frisking) की जाएगी। महिला परीक्षार्थी लाख कांच की पतली चूड़ियों के अलावा अन्य कोई जेवरात पहनकर नहीं आयेगी। परीक्षार्थी परीक्षा केन्द्र में किसी भी प्रकार की घड़ी, मौजे, चश्मा, बैल्ट, हेण्ड बैग, हेयर पिन, गण्डा/ ताबीज, कप/हैट, स्कार्फ, स्टॉल शॉल, मफलर पहकर शामिल नहीं होंगे। पुरुष अभ्यर्थी आधी आस्तीन के शर्ट / टी-शर्ट / कुर्ता, पेंट/पायजामा एवं हवाई चप्पल / स्लीपर पहनकर आएंगे, महिला अभ्यर्थी सलवार सूट या साड़ी, आधी आस्तीन का कुर्ता/ब्लाउज, हवाई चप्पल, स्लीपर पहनकर एवं बालों में साधारण रबर बैण्ड लगाकर आयेगी। इससे सुरक्षा जांच में सहयोग मिलेगा। सिख धर्म के अभ्यर्थियों को कड़ा, कृपाण एवं पगड़ी आदि धार्मिक प्रतीक धारण कर परीक्षा में शामिल होने की अनुमति प्रदान की जायें। परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश से पूर्व भौतिक रूप से एवं Hand Held Metal Detector (HHMD) डिवाइस से गहन सुरक्षा जाँच (Frisking) की जाएगी। यदि कोई अभ्यर्थी परीक्षा के समय मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र व प्रवेश पत्र लेकर नहीं आता है तो उसे परीक्षा में प्रवेश नहीं दिया जायेगा।
इस परीक्षा में 6 परीक्षा केन्द्रों पर 1 फ्लाईंग टीम का गठन किया जाएगा। परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र पर 1 घंटा पूर्व पहुंचना अनिवार्य होगा। प्रातः 11 बजे सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों का प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।
अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं परीक्षा समन्वयक चम्पालाल जीनगर द्वारा विद्युत विभाग के अधिकारियों को विद्युत व्यवस्था बनाए रखने हेतु निर्देश प्रदान किए तथा परीक्षा में नियोजित किए गए उपसमन्वयक एवं पर्यवेक्षकों को आयोग की मार्गदर्शिका के अनुसार कार्यवाही गंभीरता से संपादित करने के निर्देश प्रदान किए साथ ही अवगत करवाया कि परीक्षार्थियों को अनुत्तरित प्रश्नों के लिए आंसर शीट में प्रदत्त 5वां गोला भरना अनिवार्य होगा अन्यथा अनुतरित प्रश्नों के लिए आयोग द्वारा किए प्रावधान के अनुसार कार्यवाही की जाएगी जिस हेतु परीक्षार्थियों को 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। एवजी / नकली परीक्षार्थियों की रोकथाम के लिए प्रत्येक परीक्षार्थी की विडियोग्राफी की जाएगी। परीक्षार्थियों को उनकी हेंडराइटिंग से एक पैरा लिखना होगा जिसका प्रयोजन नकली अभ्यर्थी की पहचान उनकी हेंडराइटिंग से की जा सकेगी।
उक्त परीक्षा हेतु जिला मुख्यालय पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है जिसके दूरभाष संख्या 01582-240830 है।



