

नागौर // राज्य सरकार की मंशानुरुप माह के तीसरे गुरुवार को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय जनसुनवाई गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार स्थित आईटी केंद्र में आयोजित की गई। जिसमें अतिरिक्त जिला कलक्टर चंपालाल जीनगर ने जनसुनवाई में आए परिवादियों की समस्याएं सुनकर विभिन्न प्रकरणों का निस्तारण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
जिला स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी में जिलेभर से आए परिवादियों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान सभी उपखंड स्तरीय अधिकारी भी वर्चुअली माध्यम से जुड़े रहे। अतिरिक्त जिला कलक्टर चंपालाल जीनगर ने संबंधित ब्लॉक की शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित उपखंड अधिकारी, तहसीलदार व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए।
जिला स्तरीय जनसुनवाई में अतिक्रमण हटाने, रास्ता चौड़ा करने, सड़क निर्माण, अधिकारियों को पाबंद करने, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति देने, पेयजल व्यवस्था, दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी करने, ऋण माफी करने सहित 37 प्रकरण आए। इस दौरान जिला जन अभाव अभियोग एवं सतर्कता समिति के तहत 13 प्रकरणों की सुनवाई कर एडीएम चंपालाल जीनगर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश प्रदान किए।
जिला स्तरीय जनसुनवाई की राज्य स्तर पर भी मॉनिटरिंग की गई। इस दौरान राज्य स्तर से जुड़े पदाधिकारियो ने कहा कि सभी जिला स्तरीय अधिकारी दर्ज प्रकरणों का काम से कम समय में समाधान करने के प्रयास करें। वहीं दर्ज प्रकरणों पर संतुष्टि प्रतिशत को अधिक से अधिक बढ़ाएं।



