



बीकानेर // नगर निगम की नाकामी से तंग होकर अब लोग खुद अपने मोहल्ले में सड़कों की मरमत करवाने लगे हैं। ऐसा ही वाक्या आज लालाणी व्यासों के चौक में नजर आया। इस इलाके में पिछले डेढ़ साल से सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त थी। इससे आवागमन बाधित हो रहा था। कई वाहन चालक फिसल भी रहे थे। लोगों ने नगर निगम में शिकायत भी दर्ज कराई, मरमत की मांग भी उठाई मगर उसके बावजूद नगर निगम के जिम्मेदारों ने मौका तक नहीं देखा। इससे नाराज होकर अब लोगों ने खुद ही अपने खर्चे पर सड़क की मरम्मत करवा दी।

शहर के लालाणी व्यासों के चौक से गोपीनाथ भवन जाने वाली सड़क पर पूर्व सभापति स्वर्गीय चतुर्भुज व्यास के परिजनों ने आज मरम्मत का काम खुद अपने हाथ में ले लिया। उन्होंने दो श्रमिकों को मौके पर बुलाया और सीमेंट खरीद कर यहां पर पेचवर्क करवा दिया। यहां बरसों पुराना स्पीड ब्रेकर था जो पूर्णतया क्षतिग्रस्त हो गया था। कई बार वाहन चालक व पैदल राजगीर भी गड्ढों उलझकर गिर रहे थे। मौके पर मौजूद संजय व्यास व विवेक व्यास ने बताया कि कई बार नगर निगम में शिकायत की गई कि हमारे घर के आगे स्पीड ब्रेकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त है और इससे वाहन चालक चोटिल हो रहे है मगर उन्होंने कोई सुनवाई नहीं की। इसलिए हम लोगों ने यहां पर आज सीमेंट का पेचवर्क पर कर दिया है। अब आवागमन सुगम हो गया है।



