



मेड़तासिटी // उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ के नेतृत्व में राजस्थान का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल इटली के वेरोना में आयोजित होने वाले मार्मोमैक 2025 में भाग लेने जा रहा है, जिसमे लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री मेड़ता निवासी नरेश पारीक भी सम्मिलित है। यह विश्व का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय पत्थर मेला है और इसमें राजस्थान की ओर से इंडिया स्टोन मार्ट 2026 को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष स्टॉल स्थापित किया जाएगा।
नरेश पारीक ने बताया कि भारत प्राचीन पत्थर उत्पादन और डिज़ाइन में समृद्ध विरासत वाला देश है, और राजस्थान इसमें अग्रिम पंक्ति में है। प्रतिनिधिमंडल मार्मोमैक में भारत से पत्थर आयात करने वाले विभिन्न देशों के उद्योग प्रतिनिधियों और क्रेताओं से भी मुलाक़ात करेगा। इस दौरान उन्हें व्यक्तिगत रूप से इंडिया स्टोन मार्ट 2026 में प्रदर्शक और आगंतुक के रूप में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जाएगा, ताकि यह आयोजन वैश्विक स्तर पर और भी व्यापक बने।
“इंडिया स्टोन मार्ट 2026” फरवरी 2026 में जयपुर प्रदर्शनी एवं कन्वेंशन केंद्र (JECC), सीतापुरा, जयपुर में होगा जहाँ प्राकृतिक पत्थर, मशीनरी, नवीनतम प्रसंस्करण तकनीक, डिज़ाइन अनुप्रयोग और स्थायित्व की पहलें प्रदर्शित होंगी। इस मेले से राजस्थान के उत्पादकों, डिज़ाइनरों, निर्माण उद्योग और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के बीच सहयोग के नए द्वार खुलेंगे।
पारीक ने बताया कि यह आयोजन राजस्थान को अंतरराष्ट्रीय पत्थर उद्योग के मानचित्र पर और मजबूत स्थिति दिलाएगा तथा भारतीय उद्यमियों और वैश्विक खरीदारों के बीच दीर्घकालिक साझेदारी को बढ़ावा देगा।



