नागौर में विवेकानंद जयंती पर आरएसएस का पथ संचलन 12 को, तैयारियां जोरों पर

समाज

विराट पथ संचलन को लेकर सजने लगा नागौर शहर, आमजन से जनसंपर्क भी तेज हुआ

नागौर // राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में नागौर जिला मुख्यालय पर रविवार 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस पर आयोजित होने वाले विराट पथ संचलन के निमित्त अभ्यास व संपर्क अभियान अंतिम चरण में पहुंच गया। समूचा शहर सजने लगा है। आमजन से लगातार जनसंपर्क किा जा रहा है। सेठ किशन लाल कांकरिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से प्रारम्भ होने वाले इस पथ संचलन से पूर्व जेसला पीठ फलोदी के आचार्य स्वामी रामाचार्य के पावन सान्निध्य में शारीरिक प्रदर्शन का कार्यक्रम होगा। सेवानिवृत्ति एयर फोर्स कमांडर इन चीफ मेंटेनेंस कमांड, भारतीय वायु सेवा के एयर मार्शल जगदीश चंद्र के मुख्य आतिथ्य में होने वाले इस कार्यक्रम में स्वयंसेवकों व नागरिकों को संघ के राजस्थान क्षेत्र कार्यवाह जसवंत खत्री का मुख्य वक्ता के रूप में बौद्धिक पाथेय प्राप्त होगा।

सामूहिक अभ्यास भी लगातार जारी

इस शारीरिक प्रदर्शन के निमित्त शारीरिक प्रदर्शन के तहत नियुद्ध करने वाले स्वयंसेवकों द्वारा सेठ किशन लाल कांकरिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में नियुद्ध का सामूहिक अभ्यास किया गया। इस अभ्यास के तहत नियुद्ध के मुष्ठी पाद प्रहार प्रयोग, भूमि वंदन, संयुक्त प्रयोग, मुष्टि प्रहार चतुर्थ, प्रहार चतुष्क प्रकार दो सहित अनेक प्रयोग का अभ्यास किया गया। रविवार 12 जनवरी को होने वाले द्विधारा पथ संचलन के निमित्त विभिन्न संगठनों द्वारा नगर के विभिन्न मुख्य मार्गों पर संपर्क किया गया।

जनसपंर्क अभियान भी तेजी पर

इस संपर्क अभियान के तहत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद शाखा नागौर द्वारा कांकरिया स्कूल से नकास दरवाजा तक, नकास दरवाजा से शिवबाड़ी तक महालक्ष्मी बस्ती के स्वयंसेवकों द्वारा संपर्क किया गया। इसी प्रकार शिव बाड़ी से गांधी चौक तक के दोनों और के मार्ग में व्यवसायियों से भारत विकास परिषद के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल, सचिव श्रीचरण प्रकाश डागा के नेतृत्व में सदस्यों द्वारा संपर्क किया गया तथा बौद्धिक कार्यक्रम के निमित्त अधिकतम संख्या में सहभागिता का निवेदन किया गया। संपर्क अभियान के तहत गांधी चौक से दिल्ली दरवाजा के नागरिकों व व्यवसायी बंधुओं से रामदेव बस्ती के स्वयंसेवकों और दिल्ली दरवाजा से सैनिक क्षत्रिय माली समाज परिसर तक सेवा भारती के कार्यकर्ताओं द्वारा संपर्क किया गया। संचलन की दूसरी वाहिनी के मार्ग व शहर के आंतरिक भागों में संपर्क की दृष्टि से कांकरिया स्कूल से बंशी वाला मंदिर तक विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के राहुल भाटी, पिंटू अनिल खदाव, विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष रामेश्वर सारस्वत, कोषाध्यक्ष गणेश त्रिवेदी, विहिप के नेता मेघराज राव आदि कार्यकर्ताओं ने संपर्क किया व बंशीवाला से दांती बाजार तक विद्या भारती संगठन व दांति बाजार से गांधी चौक तक विभिन्न बस्ती के स्वयंसेवकों ने संपर्क किया।