

बीकानेर // खेलों के इंफ्रास्ट्रक्चर और टैलेंट हब की आवश्यकता को रेखांकित करने के उद्देश्य से बीकानेर में पहली बार “बीकानेर स्पोर्ट्स समिट 2025” का आयोजन किया जा रहा है। यह ऐतिहासिक आयोजन 27 मार्च 2025 को दोपहर 12:00 बजे जिला उद्योग संघ, बीकानेर में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन बीकानेर को एक स्पोर्ट्स टैलेंट हब के रूप में विकसित करने और खेलों के आधारभूत ढांचे को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। इस समिट में राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष डॉ. नीरज के. पवन विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य बीकानेर को खेलों के हब के रूप में विकसित करना और खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए ठोस कदम उठाना है।
कार्यक्रम के संयोजक नेशनल तीरदांजी कोच अनिल जोशी ने बताया कि बीकानेर में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन उन्हें आवश्यक संसाधन और बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। इस समिट में खेलों के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और खेल टैलेंट को निखारने के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा होगी।
कार्यक्रम के संचालक रविंद्र हर्ष ने बताया कि इस समिट में बीकानेर के प्रशासनिक, व्यापारिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े प्रमुख लोग शामिल होंगे, ताकि खेलों के विकास के लिए समर्पित प्रयास किए जा सकें। कार्यक्रम के सहसंयोजक ज्योति प्रकाश ने बताया कि इस समिट में विभिन्न खेलों के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल विशेषज्ञ भी भाग लेंगे। इस दौरान खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और खिलाड़ियों की आवश्यकताओं पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर राज्य क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष को सौंपी जाएगी।
सम्माननीय अतिथि एवं आमंत्रित गणमान्य व्यक्ति
इस महत्वपूर्ण आयोजन में मंडल रेल प्रबंधक आशीष कुमार, संभागीय आयुक्त रवि कुमार सुरपुर, बीकानेर प्राधिकरण की अध्यक्ष अर्पणा गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश पासवान, अर्जुन अवार्डी एवं भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान मगन सिंह राजवी, भाजपा नेता रवि मेघवाल, बीकानेर जिला उद्योग संघ, बीकानेर व्यापार मंडल सहित कई संगठनों व शहर के कई गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया है।
प्रेजेंटेशन और प्रस्ताव
समिट के दौरान बीकानेर के खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए व्यापारियों और खेल विशेषज्ञों द्वारा एक विशेष प्रेजेंटेशन दिया जाएगा। इसमें खेल परिसरों, प्रशिक्षण सुविधाओं, उपकरणों और खेल नीति से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।



