बीकेईएसएल की लापरवाही से उपभोक्ताओं नहीं मिल रहे सोलर कनेक्शन, फाइलें अटकाने से रोष

प्रशासन

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जुड़े रजिस्टर्ड वेंडर्स की आपात बैठक आयोजित

बीकानेर // प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जुड़े बीकानेर जिले के पंजीकृत एवं नामांकित वेंडर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक में योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं एवं बिजली विभाग की उदासीनता पर व्यापक चर्चा हुई।

बैठक में वेंडर्स ने एक स्वर में कहा कि बीकेईएसएल द्वारा योजनाओं के अमल में देरी के चलते उपभोक्ताओं को महीनों तक सोलर कनेक्शन की प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। इससे प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना बार-बार अवरुद्ध हो रही है। मीटरों और केबलों की कमी, अधिकारियों की असहयोगात्मक मानसिकता एवं फाइलों को बेवजह रोकने की प्रवृत्ति योजना के उद्देश्य को पंगु बना रही है।

वेंडर्स ने यह भी बताया कि कई स्थानों पर केबल न बदलने की स्थिति में भी कार्य जानबूझकर रोका जा रहा है। अधिकारियों द्वारा ज़िम्मेदारी से बचने और कार्य टालने का रवैया योजना की सफलता में सबसे बड़ी बाधा बन गया है।

दो सोलर मीटर की अनिवार्यता को बताया गलत

बैठक में सबसे बड़ा सवाल यह भी उठा कि जहाँ अन्य जिलों में केवल एक सोलर मीटर और एक नेट मीटर की माँग होती है, वहीं बीकानेर में बीकेईएसएल द्वारा दो सोलर मीटर की अनिवार्यता थोप दी गई है। यह न केवल तकनीकी दृष्टि से अव्यवहारिक है, बल्कि उपभोक्ताओं और वेंडर्स दोनों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डालता है। हालाँकि इसका लिखित आदेश अभी तक नहीं लेकिन अन्य जिलो और विभागो द्वारा इस योजना के सरलीकरण के लिए एक सोलर मीटर को मान्य कर दिया गया है ।

विक्रेताओं के बैठक में पुरजोर शब्दो मे कहा कि यह भेदभावपूर्ण नीति बीकानेर जिले के साथ अन्याय है। यदि बिजली विभाग की कार्यशैली में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो यह योजना केवल कागज़ों में ही सीमित रह जाएगी।

अधिकारियों को सौपेंगे ज्ञापन

बैठक के अंत में यह सर्वसम्मत निर्णय लिया गया कि इस बैठक का संक्षिप्त प्रतिवेदन बीकानेर के जिला कलेक्टर, संभागीय आयुक्त, विधायकगण, सांसद एवं राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्रालय, जेडीवीवीएनएल के प्रबंध निदेशक व अन्य संबंधित उच्चाधिकारियों को सौंपा जाएगा, ताकि योजनाओं की गति को पुनः सशक्त किया जा सके। इस अवसर पर कुछ सोलर कारोबारियो द्वारा डीसीआर सोलर मोड्यूल के नाम पर नॉन डीसीआर की जो धोखाधड़ी की जा रही है उसका भी विरोध किया गया। इस दौरान उपभोक्ताओं को जागरूक करने का संकल्प लिया गया।

बैठक में ये रहे मौजूद

इस दौरान संगठन से डॉक्टर शरद दत्ता आचार्य, नीरज गहलोत, किशन राठी, हेमंत शर्मा, अमन वर्मा, अशोक जोशी, सुनील जोशी, तनवीर चौहान, पंकज गुलगुलिया, प्रेम प्रजापत, महेश पारिक, अश्विन व्यास, मनीष ओझा, योगेश व्यास, तथा पुरुषोत्तम रंगा इत्यादि ने अपनी बात रखी । इस दौरान मोटिवेशनल वक्ता के रूप में पधारे डॉ. चन्द्रशेखर श्रीमाली ने सोलर कारोबारियो को संगठन बना कर कार्य करने की प्रेरणा दी।