

खंडेलवाल भवन से बारातों का होगा प्रस्थान, सेवा भारती के तत्वावधान में होगा कार्यक्रम
नागौर // सेवा भारती समिति, नागौर के तत्वावधान में आयोजित होने वाले श्रीराम जानकी सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह 2025 की समस्त व्यवस्थाएं और तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। शनिवार को ये भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
खंडेलवाल भवन से प्रस्थान करेगी बारात
इस सामूहिक विवाह में सभी वर परिवार के बंधु वाटर वर्क्स चौराहे के समीप खंडेलवाल भवन पहुंचेंगे। जहां एक मार्च को सवेरे 9 बजे बारात की रवानगी होगी। वर पक्ष के सभी बंधुओं को अल्पाहार करवाने के पश्चात यह बारात इसी भवन से माली समाज छात्रावास पहुंचेगी जहां सभी बारातियों का आयोजन समिति के पदाधिकारी व विभिन्न संगठनों के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं द्वारा भावभीना स्वागत किया जाएगा। यज्ञ विधि विधान के पश्चात दोपहर को 2 बजे बारात को ससम्मान विदाई दी जाएगी।
केशवदास बगीची के श्रद्धालु बनेंगे भोजन प्रसादी के पुण्य लाभार्थी
इस सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह के निमित्त केशवदास जी महाराज की बगीची के श्रद्धालु भोजन प्रसादी व्यवस्था के पुण्य लाभार्थी बनेंगे। संत जानकी दास महाराज के मार्गदर्शन में इन श्रद्धालुओं द्वारा वर वधू पक्ष सहित अन्य गणमान्य नागरिकों के निमित्त भोजन प्रसादी की व्यवस्था की जाएगी। आयोजन समिति के सुरेंद्र कुमार ने बताया कि यह पूरा कार्यक्रम प्लास्टिक मुक्त होगा। इस कार्यक्रम में आगंतुक अतिथियों को पवित्र तुलसी आदि के पौधे उपहार स्वरूप प्रदान किए जाएंगे। चायपान के लिए भी डिस्पोजल का उपयोग ना करते हुए स्टील की ग्लासेज का प्रयोग किया जाएगा। भोजन भी भारतीय परंपरा के अनुसार प्रांगण में बिठाकर आत्मीयता के साथ परोसकर करवाया जाएगा। इस संपूर्ण कार्यक्रम में मातृ शक्ति का भी विशेष योगदान रहेगा।



