



सेवा भारती के तत्वावधान में श्रीराम जानकी सवर्जतीय सामूहिक विवाह संपन्न
नागौर // जिला मुख्यालय पर श्रीराम जानकी सर्वजातीय सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। यह आयोजन सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण बन गया। सेवा भारती समिति नागौर के द्वारा श्री राम जानकी सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन महात्मा ज्योतिबा फूले छात्रावास ताऊसर रोड, नागौर पर कर विभिन्न वर्ग जोड़ों को हिंदू रीति रिवाज अनुसार पूर्ण विधि विधान से शादी के पवित्र बंधन में बांधा। इस अवसर पर नागौर की संत शक्ति का पावन सान्निध्य मिला। साथ ही विभिन्न समाज वर्ग के भामाशाहों द्वारा वर वधूओं को गृहस्थ जीवन की शुभकामनाएं देते हुए आत्मीयता के साथ भेंट स्वरूप सामग्रियां दी गई। नागौर के विभिन्न स्वयंसेवी संगठन के साथ-साथ मातृशक्ति द्वारा भी इस संपूर्ण आयोजन में व्यवस्थाओं की सार संभाल की गई। मातृ शक्ति की माता बहनों द्वारा विभिन्न वैवाहिक संस्कार में सहयोग करते हुए परंपरागत गीतों का समवेत गायन भी किया। इस दौरान सभी जोड़ों को घरेलू आवश्यकता के आवश्यक उपहार प्रदान किये। इस समारोह में पर्यावरण की दृष्टि से इसे पूर्ण रूप से प्लास्टिक मुक्त रखा जाकर सभी जाति वर्ग के छोटे-बड़े सभी लोगों ने एक जाजम पर साथ बैठकर भोजन ग्रहण कर समरसता का दृश्य प्रस्तुत किया।
ये रहे मौजूद
इस अनूठे आयोजन में शहर के प्रबुद्ध नागरिक, वर वधू के परिवार रिश्तेदार व नगर के लोगों की भागीदारी रही। इसमें नगर परिषद् सभापति मीतू बोथरा, विवाह समिति के अध्यक्ष लोकेश टाक, संत जानकीदास महाराज, शिवकुमार राव, कृपाराम गहलोत, मुकुंद पित्ती, विवाह समिति उपाध्यक्ष सुमिता सिद्ध, जगदीश देवल, संत लक्ष्मी नारायण महाराज, संत भागीरथ राम महाराज, सेवा भारती प्रांत उपाध्यक्ष मनोहर सिंह , नागौर विभाग संघ चालक हनुमान सिंह देवड़ा, दौलत राम सारण, कृपाराम देवड़ा, कृपाराम गहलोत, भवानी शंकर रांकावत, सेवा भारती संगठन मंत्री बाबूलाल, विभाग प्रचारक गिरधारी लाल, प्रहलाद भाटी, नागर चंद भार्गव, पुरुषोत्तम राजवंशी, पवन जोशी, बुद्धा राम नायक, सुरेंद्र सोलंकी, डॉ केवल राम गौड, भोजराज सारस्वत, साजन राम उपस्थित रहे। संत जानकीदास महाराज ने अपने निर्मल शब्दों से सभी को आशीर्वचन प्रदान किया।
भगवान राम व जानकी भारतीयों के लिए आदर्श दम्पती है: विजयानंद
मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जोधपुर प्रांत प्रचारक विजयानंद ने सभी जोड़ों को सुखद भविष्य की मंगल कामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय परिवार मूल्य का ध्यान रखते हुए भगवान राम और माता सीता का जीवन हम सभी के लिए आदर्श हैं। सभी सब गृहस्थियों को उनका पालन करना चाहिए। नव दंपतियों को आपस में एक दूसरे को समझते हुए धैर्य, त्याग एवं प्रेम के साथ समाज जीवन में श्रेष्ठ आदर्श स्थापित करें और अपने दांपत्य जीवन द्वारा परिवार और समाज को खुशहाल करें। सभी संत महात्माओं द्वारा आशीर्वचन दिए गए। विवाह के फेरे मुख्य पंडित रुद्र कुमार शर्मा, गायत्री परिवार एवं लक्ष्मी नारायण जी महाराज के शिष्यों द्वारा संपन्न करवाए गए। विवाह में शामिल होने वाले सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से एक-एक पौधा वितरित किया गया। साथ ही आयोजन समिति के अध्यक्ष लोकेश टाक द्वारा आगामी वर्ष 2026 में इसी फूलरिया दूज पर तृतीय सर्वजातीय सामूहिक विवाह किए जाने की घोषणा करते हुए इसके लिए पंजीयन करवाने का आग्रह किया। इस संपूर्ण कार्यक्रम में पुलिस व नगर परिषद प्रशासन का बहुत अच्छा सहयोग रहा।
विवाह पंडाल में सेवा भारती द्वारा किए जाने वाले शिक्षा, स्वावलंबन, चिकित्सा स्वास्थ्य के अंतर्गत किए जाने वाले कार्यों की प्रदर्शनी लगाई गई। विवाह समिति एवं सेवा भारती समिति द्वारा सम्मेलन के आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले भामाशाहों को स्मृति चिह्न प्रदत कर धन्यवाद व्यक्त किया। जिला मंत्री हरिकिशन टाक ने सभी मेहमानों का परिचय एवं स्वागत किया। सेवा भारती के जिला अध्यक्ष रामकुमार भाटी ने सेवा भारती नागौर के वर्ष पर चलने वाले शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन, सामाजिक आयाम के कार्यों की जानकारी दी।
एक साथ पंक्तिबद्ध कराया भोजन
भोजन मंत्र के साथ सभी ने एक साथ बैठकर पंक्तिबद्ध भोजन किया। भोजन वितरण का दायित्व नागौर, ईंदास, बालवा,सिंगड के कार्यकर्ताओं ने पूर्ण किया। माता बहनों के भोजन की व्यवस्था अलग रखी जिसकी कमान महिला मंडल, संस्कार केंद्र संचालक बहनों ने संभाली।




