सीएमएचओ बनते ही अपने बयानों से विवाद में आए डॉ पुखराज साद

राजनीति

कांग्रेस महासचिव आनंद जोशी ने की सीट से हटाने की मांग, चेताया कांग्रेस उतरेगी सड़कों पर

बीकानेर // मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बीकानेर के पद पर नियुक्ति के साथ ही शनिवार को डॉ पुखराज साद ने पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने कार्यवाहक सीएमएचओ डॉ राजेश कुमार गुप्ता का स्थान लिया है। इससे पूर्व डॉ साद पीबीएम हॉस्पिटल के कैंसर विभाग में पदस्थापित थे। पदभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं से अवगत करवाया मगर मीडिया से बातचीत में उन्होंने विवादित बयान दे दिया। उनके बयानों से लग रहा है कि सरकार ने उन्हें उनकी काबिलियत के बजाय बीकानेर के भाजपा नेताओं की मेहरबानी से नियुक्त किया है। मीडिया से बातचीत में नव नियुक्त सीएमएचओ डॉक्टर पुखराज साद ने कहा कि उन्हें केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, जिले के प्रभारी मंत्री व राज्य के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर तथा बीकानेर के समस्त विधायकों व भाजपा जिला अध्यक्ष की मेहरबानी से उन्हें इस पद पर बैठाया गया है। हालांकि डॉ साद ने बताया कि अंतिम छोर पर बैठे आमजन तक गुणवत्तापूर्ण एवं निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता में रहेगा। मगर उन्होंने भाजपा नेताओं का नाम लेकर जो बयान दिया है वह अब विवादों में आ गया है। कांग्रेस के युवा नेता व जिला कांग्रेस महासचिव आनंद कुमार जोशी ने इसे मुद्दा बना लिया है । कांग्रेस के युवा नेता जोशी ने ईसे पद की गरिमा के खिलाफ बताते डॉ साद को पद से हटाने तथा नहीं हटाने की सूरत में हुए सड़क पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

कॉंग्रेस नेता जोशी ने दी चेतावनी

उधर सीएमएचओ डॉक्टर पुखराज साद के बयानों के बाद कांग्रेस के महासचिव आनंद कुमार जोशी ने कहा कि सीएमएचओ ने पद की गरिमा को तार तार कर दिया है। इन्होंने चेताया कि बीकानेर सीएमएचओ नहीं बदला गया तो हमे सड़क से लड़ाई लड़ना भी आता है। जोशी ने अपने बयान में कहा कि हटाओ इस अंधभक्त को वरना शहर की चिकित्सा व्यवस्था बदहाल हो जाएगी। जोशी ने सरकार से मांग की है कि या तो सीएमएचओ को बदल दें अन्यथा हमारे विरोध का सामना करे।