

नागौर // केन्द्र सरकार की स्वामित्व योजना के तहत आवासीय पट्टे/ पॉपर्टी पार्सल वितरण कार्यक्रम शनिवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू-जल एवं जिला प्रभारी मंत्री श्री कन्हैयालाल चौधरी के मुख्य आतिथ्य में जिला परिषद सभागार में आयोजित किया गया जिसमें पात्र जनों को स्वामित्व योजना के पट्टो का वितरण किया गया।
प्रधानमंत्री ने किया देश-भर के लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद
समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल रूप से संबोधित कर लाभार्थियों से सीधा संवाद किया तथा स्वामित्व योजना से जीवन में आये बदलाव की जानकारी ली। जिले की विभिन्न पंचायत समितियों के लाभार्थियों को जिला प्रभारी मंत्री श्री चौधरी ने पट्टों का वितरण कर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने का आव्हान किया।
समोराह को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी मंत्री ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार ने मिलकर स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण लोगों के वर्षों पुरानी समस्या का निराकरण करते हुए अपनी संपत्ति का मालिकाना हक प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि देशभर में जितने भी गांव है उनमें से आधे से अधिक में सर्वे कार्य पूरा किया जा चुका है। पुस्तैनी मकान हो या अपना नया आशियाना सबको पट्टा मिला है अब इस पट्टे से किसी भी बैंक से ऋण प्राप्त कर अपना व्यवसाय किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना के कारण गांवों में संपत्ति के बंटवारे एवं आपसी विवाद समाप्त हुए है गांवों में भाईचारा बढा है। उन्होंने कहा कि पंचायतों को अधिकार मिलने के साथ आमजन को मालिकाना हे मिलने से सामाजिक रूप से भी परिवर्तन आया है।
जिला प्रभारी मंत्री ने उपस्थित लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि अब वे पट्टे को साधारण कागज नहीं माने यह आनेवाली पीढियों तक के लिए धराहर है। इससे कभी भी व्यावसाय कार्य या खेती-बाडी के लिए आवश्यक होने पर ऋण लिया जा सकेगा। उन्होंने जिले में इस योजना के तहत सभी पात्रजनों को लाभान्वित करने के निर्देश दिये। कार्यक्रम में जिले के 51 नागरिकों को पट्टा वितरण कर प्रभारी मंत्री ने अभियान में पट्टा वितरण का शुभारम्भ किया। इसके पश्चात श्री चौधरी ने मीडिया से संवाद भी किया।
जिले में 6763 प्रोपर्टी पार्सल वितरित
जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि नागौर जिले में स्वामित्व योजनान्तर्गत 6763 पट्टे / प्रोपर्टी पार्सल वितरण किया गया। अब योजना अन्तर्गत आबादी भूमि के सर्वे होने के बाद निरन्तर प्रोपर्टी पार्सल का वितरण किया जाएगा।
यह रहें उपस्थित
खींवसर विधायक रेवन्तराम डांगा, मेड़ता विधायक लक्ष्मणराम कलरू , जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष रामनिवास सांखला, उपजिला प्रमुख शोभाराम ,जिला परिषद सदस्य ओमप्रकाश सैन, मनीष चौधरी, भीखाराम बापोडिया, मूलाराम, मेड़ता प्रधान संदीप चौधरी, जनप्रतिनिधिगण , जिलास्तरीय अधिकारीगण एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।



