स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी 27 से 31 जुलाई तक विशेष अभियान में बनेंगे निक्षय मित्र

स्वास्थ्य

टीबी मरीजों को उपलब्ध करवाएंगे पोषण किट

बीकानेर // टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत बीकानेर जिले के क्षय रोगियों को पोषण किट उपलब्ध करवाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी निक्षय मित्र बनेंगे। राज्य सरकार के निर्देशानुसार बीकानेर जिले में संयुक्त निदेशक डॉ देवेंद्र चौधरी और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पुखराज साध के नेतृत्व में दिनांक 27 जुलाई से 31 जुलाई तक विशेष निक्षय मित्र बनाओ अभियान चलाया जाएगा।

जिला टीबी नियंत्रण अधिकारी डॉ चंद्रशेखर मोदी ने बताया कि जिले में वर्तमान में 2026 व्यक्ति टीबी की दवा ले रहे हैं, इनमें से 540 व्यक्तियों को पहले ही पोषण हेतु निक्षय मित्र योजना के अंतर्गत जोड़ा जा चुका है। संदर्भित विशेष अभियान के अंतर्गत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के फील्ड कर्मचारियों से लेकर बड़े से बड़े अधिकारी तक निक्षय मित्र बनेंगे। उन्होंने बताया कि निक्षय मित्र योजना अंतर्गत प्रत्येक टीबी मरीज से पोषण सहायता हेतु एक भामाशाह को जोड़ा जाता है जो सम्बन्धित क्षय रोगी को प्रतिमाह संतुलित आहार की कच्ची सामग्री के रूप में पोषण किट उपलब्ध करवाता है। गुरुवार को राज्य स्तर से आयोजित वीडियो कांफ्रेंस में निदेशक जन स्वास्थ्य डॉ रवि प्रकाश शर्मा और राष्ट्रीय क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम के राज्य नोडल अधिकारी डॉ पुरुषोत्तम सोनी ने अभियान को सफल बनाने हेतु पूरे स्वास्थ्य विभाग को एकजुट करने के निर्देश दिए। उन्होंने भारत सरकार की ओर से प्रत्येक टीबी मरीज के खाते में प्रतिमाह ₹1000 की सीधी सहायता पहुंचाने के लिए सभी टीबी मरीजों के बैंक खाते अपडेट करवाने के भी निर्देश दिए। वीसी में जिला स्तर से विश्व स्वास्थ्य संगठन के डॉ सुधांश खत्री, डीपीएम सुशील कुमार, चिराग भार्गव, जिला पीपीएम समन्वयक विक्रम सिंह राजावत भी शामिल हुए। डॉ देवेंद्र चौधरी और डॉ पुखराज साध ने पूरे स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से इस पुनीत कार्य में अपना योगदान देने की अपील की है जिसमें समस्त ब्लॉक सीएमओ, जिला स्तरीय अधिकारी और कार्मिको ने हाथों-हाथ अपनी रुचि भी व्यक्त कर दी है।