



नागौर के शारदा बाल निकेतन में राजस्थान क्षेत्र के 350 से अधिक स्वयंसेवक भाग ले रहे हैँ इस शिक्षा वर्ग में
नागौर // आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत 25 मई को नागौर आएंगे। वे यहां शारदा बाल निकेतन में शुरू हुए संघ के द्वितीय वर्ष संघ शिक्षा वर्ग में शामिल होंगे। भागवत 28 मई को दोपहर बाद नागौर से रवाना होंगे। उनके तीन दिवसीय नागौर प्रवास की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। शनिवार को प्रशासन के आला अधिकारी शारदा बाल निकेतन पहुंचे और उनके आवास व अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उधर भागवत के दौरे को लेकर नगर परिषद व सार्वजनिक निर्माण विभाग भी हरकत में आ गया तथा उनके निर्धारित रूट पर सड़कों पर पेचवर्क पर डामरीकरण किया जा रहा है। वे नया दरवाजा होकर करणी कॉलोनी से शारदा बाल निकेतन जाने वाले मार्ग पर सफाई अभियान चलाया गया। रोडलाइटों को दुरुस्त किया गया वहीं पूरी सड़क पर डामरीकरण किया गया है। गौरतलब है कि आरएसएस का यह द्वतीय वर्ष का संघ शिक्षा वर्ग पूरे राजस्थान प्रांत का है जिसमें 350 से अधिक प्रदेशभर के स्वयंसेवक भाग ले रहे हैँ। इसका समापन 8 जून को होगा इसलिए आरएसएस प्रमुख शिविर के बीच में 25 से 28 तक नागौर प्रवास पर रहेंगे तथा स्वयंसवेकों से बातचीत करेंगे।



