गो सखा सम्मान समारोह 27 फरवरी को, गौशाला संचालकों को किया जाएगा सम्मानित

समाज

रानी बाजार के रिद्धि सिद्धि भवन में एक ही मंच पर गो सेवा करने वाले भामाशाहों का भी होगा सम्मान

बीकानेर // छोटी काशी बीकानेर में 27 फरवरी को एक ही मंच पर गो भक्तों, संत-महात्माओं व गोशाला संचालकों व गो सेवा में तत्पर भामाशाहों को गौ सखा सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह आयोजन नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित होगा। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। बीकानेर में एक अनूठा आयोजन 27 फरवरी को सुबह सवा 11 बजे रानी बाजार औधोगिक क्षेत्र के रिद्धि सिद्धि भवन में आयोजित किया जाएगा। इसे सफल बनाने के लिए कार्य समिति बनाकर अलग-अलग कार्य भी सौंप गए हैं।

आयोजन से जुड़े ज्योति प्रकाश रंगा और अनिल जोशी ने बताया कि 27 फरवरी को सुबह 11:15 बजे रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित रिद्धि सिद्धि भवन में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें एक ही मंच पर गायों की सेवा करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन में बीकानेर शहर सहित सभी ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित गौशालाओं के संचालक भी सम्मानित होंगे। उन हस्तियों को भी मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा जो गौशालाओं के संचालन में और वहां पर मूलभूत सुविधाओं के लिए अपनी ओर से आर्थिक रूप से मदद करते हैं ऐसे जिले भर के भामाशाह भी मंच पर होंगे। समारोह में धर्म और अध्यात्म की अलख देशभर में जगाने वाले संत भी अपनी वाणी से सभी को लाभान्वित करेंगे । कार्यक्रम के दौरान गायों के महत्व को परिभाषित करने वाले भजनों की प्रस्तुति भी स्थानीय कलाकार मंच पर देंगे। समारोह में राष्ट्रीय संत महामंडलेश्वर सरजू दास लालेश्वर महादेव मंदिर के अधिष्ठाता विमर्शनंद महाराज, छैल बिहारी जी महाराज और प्रभु प्रेमी जी महाराज का सानिध्य रहेगा। अतिथि के रूप में महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओम प्रकाश पासवान को आमंत्रित किया है।

आयोजन के संरक्षक जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पचीसिया, गो भक्त और समाजसेवी, देवकिशन चांडक, समाजसेवी और उद्योगपति जयचंद लाल डागा, समाजसेवी राजेश चुरा, विनोद गोयल के सहयोग और मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समारोह में जिले भर की करीब तीस गो शाला के संचालक अपनी टीम के साथ उपस्थित होंगे। साथ ही अन्य सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने वाली संस्थाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।