


शहर में धूमधाम से मनाई गई कृष्ण जन्माष्टमी
बीकानेर // योगेश्वर भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव कृष्ण जन्माष्टमी शनिवार को पूरे शहर में धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान कृष्ण मंदिरों में नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की… के उद्घोष गूंजते रहे।

नगर सेठ लक्ष्मीनाथ मंदिर में हालांकि शुक्रवार को ही कृष्ण जन्माष्टमी मना ली गई मगर इसके बावजूद शनिवार को भी यहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। इसी प्रकार मरूनायक चौक में स्थित प्राचीन मरूनायक मंदिर में भी कृष्ण जन्मोत्सव पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यहां पर मेला भरा जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर दर्शन लाभ लिया। यहां पर विशालकाय एक कंस आकर्षण का केंद्र रहा।

इसी प्रकार शहर के दम्माणी चौक में भी विशाल मेला भरा। पिछले एक दशक से दम्माणी चौक में स्थित बड़ा गोपाल जी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के आने का क्रम शुरू हो गया जो देर रात तक जारी रहा। बड़े गोपाल जी के मंदिर में गोपाल लाल प्यारे की जय तथा कृष्ण चंद्र भगवान की जय के जयकारे गूंजते रहे। लोगों ने लाइन में लगकर दर्शन किए। मंदिर में भगवान को छप्पन भोग का प्रसाद भी चढ़ाया गया। इस दौरान भजनों की सरिता भी बहती रही। मंदिरों व घरों में घंटियां व झंकार बजने शुरू हो गए और चारो तरफ और कृष्ण जन्मोत्सव की बधाइयां देने का क्रम शुरू हो गया जो मध्य रात्रि तक जारी रहा। लोगो ने अपने घरों में लड्डू गोपाल को दूध, दही व पंचामृत से स्नान कराने के बाद नए वस्त्र पहनाएं और भोग लगाकर भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया।
कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर पूरे शहर में आज देर रात तक चहल-पहल नजर आई। मोहता चौक, बड़ा बाजार, रांगड़ी चौक, गोगा गेट सहित पुराने शहर की गलियों में कई जगह बच्चों ने जन्माष्टमी भी सजाई। देर रात तक लोग सपरिवार मंदिरों व जन्माष्टमी के दर्शन करते नजर आए।



