नगर निगम आयुक्त ने दिया सफाई का आश्वासन, बार एसोसिएशन ने प्रस्तावित धरना किया स्थगित

प्रशासन

बीकानेर। जिला न्यायालय परिसर, बीकानेर के नवीन एवं पुराने भवन में लंबे समय से व्याप्त सफाई एवं मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बार एसोसिएशन, बीकानेर द्वारा दिनांक 09 अक्टूबर 2026 को नगर निगम आयुक्त कार्यालय के घेराव एवं धरना का निर्णय लिया गया था।

इस संबंध में बार एसोसिएशन, बीकानेर द्वारा पिछले कई महीनों से नगर निगम प्रशासन को लगातार पत्रों एवं मौखिक रूप से अवगत करवाया जा रहा था। विशेष रूप से पुराने न्यायालय भवन में बार रूम के पीछे जमा गंदगी एवं कचरे तथा पार्किंग के पास स्थित शौचालय की सफाई एवं मरम्मत की समस्या को लेकर बार एसोसिएशन द्वारा नगर निगम को 7 दिवस की समय-सीमा भी दी गई थी।

इसी क्रम में नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानिचामी द्वारा बार एसोसिएशन, बीकानेर के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया तथा तत्काल नगर निगम की टीम भेजकर आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ करवाने की बात कही गई।

आयुक्त के निर्देशानुसार नगर निगम की टीम द्वारा जिला न्यायालय परिसर का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित कार्यों को 2-3 दिवस में पूर्ण करवाने का आश्वासन दिया गया।

नगर निगम प्रशासन द्वारा की गई त्वरित पहल एवं दिए गए आश्वासन को देखते हुए बार एसोसिएशन, बीकानेर द्वारा दिनांक 09 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित घेराव एवं धरना स्थगित कर दिया गया है।

बार एसोसिएशन, बीकानेर के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित ने कहा कि अधिवक्ता समुदाय न्यायालय परिसर की स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं को लेकर लगातार प्रयासरत रहा है और उम्मीद है कि नगर निगम द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुसार निर्धारित अवधि में सभी आवश्यक कार्य पूर्ण करवा दिए जाएंगे।

इस अवसर पर बार एसोसिएशन, बीकानेर की ओर से सभी अधिवक्तागण, नगर निगम के सभी अधिवक्ता पार्षदगण एवं महापौर का उनके सहयोग, समन्वय एवं सकारात्मक भूमिका के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।