इलाज के दौरान महिला मरीज की 30 ग्राम सोने की चूड़ियां हुई गायब, फोर्टिस जयपुर को उपभोक्ता आयोग का नोटिस

क्राइम

परिजनों का आरोप- आईसीयू में शिफ्टिंग के दौरान स्टाफ ने चूड़ियां उतारकर लौटाने की बात कही, अगले दिन गायब मिलीं; 4.5 लाख रुपए हर्जाने की मांग

बीकानेर // जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, बीकानेर ने फोर्टिस हॉस्पिटल, जयपुर के प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। मामला बीकानेर निवासी विनोद पुरोहित की ओर से दायर परिवाद से जुड़ा है।

परिवाद के अनुसार, विनोद पुरोहित की माता स्वर्गीय उषा देवी को गंभीर हालत में 7 अप्रैल 2026 को बीकानेर से फोर्टिस हॉस्पिटल, जयपुर में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि आईसीयू में शिफ्टिंग के दौरान स्टाफ ने मरीज के हाथों में पहनी करीब 30 ग्राम वजन की आठ सोने की चूड़ियां कैनुला लगाने का हवाला देकर उतार लीं और बाद में लौटाने की बात कही।
परिजनों का कहना है कि अगले दिन चूड़ियां नहीं मिलीं। शिकायत करने पर अस्पताल स्टाफ ने चूड़ियों के अस्तित्व से इनकार करते हुए उन्हें प्लास्टिक का बताया। परिवाद में यह भी आरोप लगाया गया है कि सीसीटीवी फुटेज में मरीज को आपातकालीन वार्ड से आईसीयू ले जाते समय चूड़ियां दिखाई दे रही थीं, लेकिन आभूषण उतारने वाले काउंटर की फुटेज परिजनों को नहीं दिखाई गई।

परिजनों के अनुसार पुलिस और प्रशासन स्तर पर कार्रवाई नहीं होने के बाद उन्होंने जिला उपभोक्ता आयोग में परिवाद दायर किया। इसमें अस्पताल पर सेवा में कमी और अनुचित व्यवहार का आरोप लगाते हुए 4.5 लाख रुपए हर्जाने की मांग की गई है। आयोग ने परिवाद पर सुनवाई करते हुए फोर्टिस हॉस्पिटल प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।