



अंतरराष्ट्रीय बेटी दिवस पर राधाकृष्ण पैलेस में हुआ आयोजन, चिकित्सा, शिक्षा, खेल और सामाजिक क्षेत्र की प्रतिभाओं को मिला मंच
बीकानेर। अंतरराष्ट्रीय बेटी दिवस के अवसर पर पुष्पलक्ष्मी क्लिनिक एवं केयर सेंटर के तत्वावधान में रविवार को राधाकृष्ण पैलेस में ‘आत्मजा सम्मान-2026’ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 101 बेटियों और महिलाओं का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध कार्डियक सर्जन डॉ. बी.एल. स्वामी ने कहा कि बेटियों का सम्मान ही सभ्य समाज की वास्तविक पहचान है। उन्होंने कहा कि नवरात्र से पहले डॉ. पुष्पा शर्मा द्वारा नौ नहीं बल्कि 101 बेटियों को सम्मानित करना समाज के लिए प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने बताया कि डॉ. शर्मा पिछले चार वर्षों से लगातार इस परंपरा को आगे बढ़ा रही हैं।
समारोह में अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के अध्यक्ष वि. बाफना, डॉ. नीलम भार्गव, राजकीय डूंगर महाविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. सुनीता गोयल, संजय गोयल, हेमंत कच्छावा और गणेश स्वामी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मंच संचालन करते हुए डॉ. सुनीता गोयल ने छात्राओं को शिक्षा और खेल के बीच बेहतर संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में चिकित्सा, विधि, शिक्षा, सामाजिक सेवा, महिला संगठन, व्यवसाय, खेल एवं पैरा एथलेटिक्स सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली बेटियों और महिलाओं को सम्मानित किया गया।
आयोजन की संयोजक डॉ. पुष्पा शर्मा ने कहा कि बीकानेर की बेटियां हर क्षेत्र में शहर और देश का नाम रोशन कर रही हैं। प्रतिभाशाली बेटियों को प्रोत्साहन और सम्मान देने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है तथा समाज को सकारात्मक दिशा मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गीत-संगीत और नृत्य ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पुष्पलक्ष्मी ग्रुप के डायरेक्टर एडवोकेट आर.के. शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। अंत में एमपीएसपीएस लक्ष्मी देवी केयर फाउंडेशन की चेयरपर्सन अनुसूईया शर्मा ने सभी अतिथियों एवं सम्मानित बेटियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में पुष्पलक्ष्मी ग्रुप की टीम सहित गणेश स्वामी, कामना पडिहार, अनिल अलंकार और सूरज का विशेष सहयोग रहा।



